नाटकीय ढंग से 50 हजार का इनामिया कर्मवीर सिंह हुआ गिरफ्तार, पुलिस का इन्कार
गाजीपुर सैदपुर कोतवाली के देवचंदपुर पेट्रोलपंप पर हुए गोलीबारी व 50 हजार का इनामिया बदमाश कर्मवीर उर्फ सन्नी सिंह बुधवार को नाटकीय ढंग से गिरफ्त में आ गया। हालांकि पुलिस इस बात से साफ इन्कार कर रही है। एक वायरल वीडियो के अनुसार सन्नी सिंह अचानक सरजू पांडेय पार्क पहुंचा।
गाजीपुर, जेएनएन। सैदपुर कोतवाली के देवचंदपुर पेट्रोलपंप पर हुए गोलीबारी व 50 हजार का इनामिया बदमाश कर्मवीर उर्फ सन्नी सिंह बुधवार को नाटकीय ढंग से गिरफ्त में आ गया। हालांकि पुलिस इस बात से साफ इन्कार कर रही है। एक वायरल वीडियो के अनुसार सन्नी सिंह अचानक सरजू पांडेय पार्क पहुंचा। उसके हाथ में एक पेपर था। उस पर पेन से मोटे अच्छरों में लिखा था-मैं सन्नी सिंह उर्फ कर्मवीर सिंह देवचंदपुर सैदपुर गाजीपुर।
सूत्रों के अनुसार अचानक पुलिस वहां पहुच गई और पकड़ लिया। उसे कस्टडी में लेकर अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गई। सन्नी चेहरे पर मास्क लगाए लोवर-टीशर्ट और हवाई चप्पल पहने था। उसके कुछ ही देर बाद सन्नी सिंह के सरजू पांडेय पार्क के पास पहुंचने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। वीडियो में उसके हाथ में नाम पता लिखा पेपर भी था। बावजूद इसके एसपी समेत सभी पुलिस अधिकारी इससे नकारते रहे। सन्नी के सरजू पांडेय पार्क में सरेंडर करने से लोग कयास लगा रहे हैं कि उसे इनकाउंटर का डर सताने लगा था। एसपी डॉ ओमप्रकाश सिंह ने गिरफ्तारी से इन्कार किया।