विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईआईटी बीएचयू के डॉ. आदित्य कुमार पधी को प्रतिष्ठित 'मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड'

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 02 Nov 2026 04:53 PM (IST)

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) वाराणसी के डॉ. आदित्य कुमार पधी को बायोटेक्नोलॉजी और कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी में उत्कृष्ट शोध ...और पढ़ें

आईआईटी बीएचयू के डॉ. आदित्य पधी को मिला प्रतिष्ठित मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड।

आईआईटी बीएचयू के डॉ. आदित्य पधी को मिला प्रतिष्ठित मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड।

HighLights

  1. डॉ. आदित्य पधी को मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड।

  2. बायोटेक्नोलॉजी और कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी में उत्कृष्ट शोध के लिए सम्मान।

  3. आईआईटी (बीएचयू) के लिए गौरवशाली उपलब्धि, निदेशक ने दी बधाई।

जागरण संवाददाता, वाराणसी: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय), वाराणसी के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग के संकाय सदस्य डॉ. आदित्य कुमार पधी को वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित ‘मालवीय मेमोरियल (यंग फैकल्टी) अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें बायोटेक रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया (BRSI) द्वारा बायोटेक्नोलॉजी और कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों तथा अकादमिक योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

यह सम्मान 22 अक्टूबर 2026 को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुडुचेरी, कराईकल में आयोजित बीआरएसआई के 23वें सम्मेलन के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘Innovations in Biotechnology for Sustainable Developments’ (IBSD-2026) के दौरान प्रदान किया गया। इस भव्य पुरस्कार समारोह में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, वैज्ञानिक और शोधार्थी शामिल हुए। डॉ. पधी को यह गौरवशाली पुरस्कार आईआईटी (बीएचयू) के शासक मंडल के अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण के करकमलों द्वारा प्राप्त हुआ।

डॉ. आदित्य कुमार पधी का मुख्य शोध कार्य कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी, स्ट्रक्चरल बायोइन्फॉर्मेटिक्स, बायोमॉलिक्यूलर मॉडलिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं मशीन लर्निंग आधारित जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान के क्षेत्रों से जुड़ा है। उनके अनुसंधान का दायरा प्रोटीन डिजाइन, संक्रामक रोगों के अध्ययन और कम्प्यूटेशनल ड्रग डिस्कवरी जैसे अतिसंवेदनशील एवं महत्वपूर्ण विषयों तक फैला हुआ है। उनके अनेक शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर पर भी काफी सराहा गया है।

भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की स्मृति में दिया जाने वाला यह पुरस्कार डॉ. पधी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है, क्योंकि वे उसी महान संस्थान के संकाय सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं जिसकी स्थापना महामना की दूरदर्शी सोच और अकादमिक दृष्टिकोण का परिणाम है।

डॉ. पधी की इस उपलब्धि पर आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के नाम पर स्थापित यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त होना आईआईटी (बीएचयू) के प्रत्येक संकाय सदस्य के लिए विशेष गर्व की बात है। यह उपलब्धि संस्थान में उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और बायोटेक्नोलॉजी, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे अंतर्विषयी क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को बखूबी दर्शाती है। निदेशक ने डॉ. पधी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर शोध सफलताओं के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।