बाढ़ पीडितों को राहत सामग्री बांटते समय दीवार सहित गिरे जिलाधिकारी, वीडियो वायरल Varanasi news
बाढ़ पीडितों को राहत सामग्री बांटने के दौरान डीएम सुरेंद्र सिंह गुरुवार की दोपहर दीवार के साथ ही आ गिरे जिसकी वजह से एनडीआरएफ के एक जवान सहित दो लोग चोटिल हाे गए।
वाराणसी, जेएनएन। बाढ़ पीडि़तों को राहत सामग्री बांटने के दौरान डीएम सुरेंद्र सिंह गुरुवार की दोपहर दीवार के साथ ही आ गिरे जिसकी वजह से एनडीआरएफ के एक जवान सहित दो लोग चोटिल हाे गए। हादसे के दौरान जिलाधिकारी भी स्वयं दीवार के साथ बाढ़ के पानी में जा गिरे वहीं इस दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने मदद कर सभी को तुरंत निकाल लिया। हादसे में किसी को गंभीर चोट न लगने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
दरअसल वाराणसी में गंगा और वरुणा नदियों में इन दिनों उफान आने के बाद प्रशासन राहत सामग्री बांटने में लगा हुआ है। गुरुवार को वरुणा नदी के किनारे बाढ़ में डूबे इलाकों में डीएम सुरेंद्र सिंह प्रशासनिक टीम के साथ राहत सामग्री बांट रहे थे। इस दौरान एक दीवार पर दबाव के बाद वह ढह गई। हादसे में दीवार की चपेट में तीन लोग आ गए। हालांकि, हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और तुरंत ही संभलते हुए जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने भी ईंट हटाकर लोगों की मदद करनी शुरू कर दी।
कोनिया क्षेत्र में हुए इस हादसे में डीएम ने गजब की फुर्ती दिखाई और उठने के साथ ही पानी में तैर रही नाव में गिरे ईंट के मलबे को हटाने लगे। गंगा व वरुणा नदी में आई बाढ़ अच्छी-खासी आबादी को अपनी चपेट में ले लिया है। ऐसे में प्रशासन की ओर से बाढ़ पीडि़तों के बीच राहत सामग्री बांटी जा रही है। प्रत्येक दिन डीएम सुरेंद्र सिंह एसएसपी आनंद कुलकर्णी संग किसी न किसी क्षेत्र में बाढ़ पीडि़तों के बीच राहत सामग्री बांटते हैं। गुरुवार को भी दोनों अधिकारी पीएसी व एनडीआरएफ जवानों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कोनिया जा पहुंचे। बाढ़ पीडि़त राजकुमार सेठ का मकान पानी में डूबा है। छत पर परिवार के सदस्य रह रहे। उन्हें राहत सामग्री देने के लिए डीएम छत पर आ गए। एनडीआरएफ की मोटर बोट पर सवार जवानों के हाथ से डीएम पैकेट ले रहे थे कि उसी समय ईंट से बनी तीन फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई। जिलाधिकारी ने संभलने की बहुत कोशिश की किंतु संतुलन नहीं बना सके और वह भी सीधे मोटर बोट में गिर गए। मलबा के साथ डीएम के गिरते ही एसएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मी सकते में आ गए। लेकिन, गिरने के बाद जिलाधिकारी ने गजब की फुर्ती दिखाई। खुद को लगी चोट की परवाह किए बिना तुरंत उठे और बोट में गिरे मलबे को निकालने में जुट गए क्योंकि बाढ़ में फंसे दो बच्चे भी उसमें सवार थे।
वायरल हो गया वीडियो क्लिप
जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह जब बाढ़ पीडि़तों के बीच राहत सामग्री बांट रहे थे तो कुछ लोग उसका वीडियो बना रहे थे। उनके गिरने का वीडियो क्लिप वायरल हो गई।
डीएम ने कहा, नहीं लगता डर
राहत सामग्री बांटने के दौरान हुए हादसे के बाद डीएम सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर तनिक भी शिकन दिखाई नहीं पड़ रहा था। डीएम बाढ़ पीडि़तों को मदद करने के बाद क्षेत्र में दौरे पर निकल गए। साथ ही शाम को विभागीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समय के अनुकूल काम करना चाहिए, यह संयोग की बात है कि हादसा हो गया है लेकिन इस के मामले से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि आगे काम करना चाहिए। हमें अपने गिरने से ज्यादा बोट में सवार बच्चों की चिंता थी।