ज्ञानवापी प्रकरण में जिला जज ने सुनवाई की अगली तिथि दो दिसंबर मुकर्रर की
ज्ञानवापी से जुड़े मुकदमों की सुनवाई जिला जज संजीव शुक्ला ने टाल दी है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी, जिसमें मां श्रृंगार गौरी दर्शन और एएसआई सर्वे जैसे मामले शामिल हैं।

ज्ञानवापी प्रकरण में जिला जज ने सुनवाई की अगली तिथि दो दिसंबर तय की।
HighLights
ज्ञानवापी मुकदमों की सुनवाई जिला जज ने टाली।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर सुनवाई स्थगित हुई।
अगली सुनवाई 2 दिसंबर को निर्धारित की गई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। ज्ञानवापी स्थित मां श्रृंगार के नियमित दर्शन-पूजन की इजाजत देने व किरण सिंह की ओर से बंद तहखानों का एएसआइ सर्वे करने की मांग समेत अन्य लंबित मुकदमों की शुक्रवार को जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में सुनवाई टल गई।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ज्ञानवापी के ही मामले में 12 दिसंबर 2024 को पारित आदेश के दृष्टिगत सभी मामलों में अगली सुनवाई के लिए जिला जज ने दो दिसंबर की तिथि मुकर्रर कर दी। बता दें कि वकील अश्विनी उपाध्याय की ओर से दाखिल एक रिट याचिका 1246/2020 में सुप्रीमकोर्ट द्वारा 12 दिसंबर 2024 को पारित आदेश में ज्ञानवापी से संबंधित लंबित मुकदमों में अगले आदेश तक कोई भी प्रभावी अंतरिम अथवा अंतिम आदेश पारित न करने का अधीनस्थ न्यायालयों को आदेश दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया कि जिस मुकदमे में प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट (उपासना स्थल अधिनियम)का मामला शामिल है उसमें अगले आदेश तक कोई प्रभावी अथवा अंतरिम आदेश पारित न किया जाए।
मां श्रृंगार गौरी की नियमित दर्शन-पूजन की इजाजत देने को लेकर पांच महिलाओं राखी सिंह,रेखा पाठक,मंजू व्यास,सीता साहू,लक्ष्मी देवी की ओर से दाखिल मुकदमा में चोलापुर थाना क्षेत्र के महमुदपुर गांव निवासी जयप्रकाश रामचन्दर राजभर ने पक्षकार बनाने की 24 मई 2025 को जिला जज की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। जयप्रकाश ने उक्त प्रार्थना पत्र को वापस लेने की इजाजत देने की अदालत से अपील की है।