लोकतंत्र का गला घोंट रही केंद्र सरकार, जिला कांग्रेस कमेटी ने दिया धरना
सरजू पांडेय पार्क में जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने बुधवार को कर्नाटक सरकार को अलोकतांत्रित तरीके से गिराने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया।
गाजीपुर, जेएनएन। सरजू पांडेय पार्क में जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने बुधवार को कर्नाटक सरकार को अलोकतांत्रित तरीके से गिराने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। सदस्यों ने जिलाधिकारी के बालाजी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
जिलाध्यक्ष डा. मारकंडेय सिंह ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। भाजपा ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को हर हथकंडा अपनाते हुए गिराने का षडयंत्र किया। इसके अलावा भविष्य में अन्य प्रदेशों में गैर भाजपा सरकारों को भी गिराने की साजिश रची जा रही है। कर्नाटक की सरकार इसका जीता-जागता उदाहरण है। शहर अध्यक्ष शफीक अहमद ने बताया कि देश तानाशाही की ओर जा रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता द्वारा चुने हुए विधायकों को बड़ी कीमत देकर तोड़ा जा रहा है जो देश के लिए घातक है। इस मौके पर रविकांत राय, बटुकनारायण, अजय सिंह, पंकज दुबे, अजय श्रीवास्तव, आशुतोष गुप्ता, परवेज खां, शबीहुल हसन, कुसुम आदि थे।