वाराणसी कोषागार परिसर में लगेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप, पेंशनरों को मिलेगी सुविधा
वाराणसी जिला प्रशासन 23 नवंबर को कोषागार परिसर में पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा। यह पहल पेंशनरों को एक ही स्थान पर जीवन प्रमाण पत्र बनवाने और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

वाराणसी में पेंशनरों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और स्वास्थ्य शिविर।
HighLights
वाराणसी कोषागार में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप।
पेंशनभोगियों को 23 नवंबर को मिलेगी जीवन प्रमाण पत्र सुविधा।
शिविर में स्वास्थ्य जांच का भी होगा आयोजन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से सार्थक पहल की गई है। बताया गया है कि पेंशनरों एवं पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 23 नवंबर, दिन-सोमवार को वाराणसी कोषागार परिसर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य कोषाधिकारी गोविंद सिंह ने विभागों एवं संस्थानों के अधिकारियों को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान को और अधिक सफल बनाने के उद्देश्य से यह विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है।
बताया गया कि इसके लिए पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, भारत सरकार के निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। इस संबंध में अग्रणी जिला प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सहायक महाप्रबंधक, सीनियर पोस्ट मास्टर विश्वेश्वरगंज/कैंट तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्मिकों को मेगा कैंप में प्रतिभाग कराने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि कैंप में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के साथ स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन होगा, जिससे पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्य कोषाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक कार्मिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।