विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dev Deepawali 2026 : 2100 स्वदेशी ड्रोन से जगमगाएगा काशी का आसमान, शिव तांडव से गंगा अवतरण तक होंगे जीवंत दर्शन

By vikas ojhaEdited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 16 Nov 2026 06:17 PM (IST)

काशी की देव दीपावली पर पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव और गंगा अवतरण की ...और पढ़ें

2100 ड्रोन से जगमगाएगा वाराणसी का आसमान, शिव तांडव और गंगा अवतरण के भव्य दर्शन।

2100 ड्रोन से जगमगाएगा वाराणसी का आसमान, शिव तांडव और गंगा अवतरण के भव्य दर्शन।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की देव दीपावली इस बार आसमान में भी आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के रंग बिखेरेगी। गंगा के प्राचीन घाटों पर पहली बार लाखों दीपों की अलौकिक जगमगाहट के बीच 2,100 'मेक इन इंडिया' (स्वदेशी) ड्रोन आसमान में भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां उकेरेंगे।

करीब 15 मिनट का यह हाईटेक और भव्य ड्रोन शो मंत्रमुग्ध कर देने वाले संगीत और विशेष ध्वनि समन्वय के साथ देव दीपावली के पौराणिक वैभव को एक नए आयाम पर ले जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने आगामी 24 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

राजघाट से नमो घाट के बीच सजेगा आसमान

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यशस्वी मार्गदर्शन में इस वर्ष वाराणसी के राजघाट से लेकर नमो घाट तक के विस्तृत क्षेत्र में देव दीपावली का आयोजन बेहद भव्य और ऐतिहासिक होगा। इस बार लाखों दीपों की रोशनी के समानांतर आसमान में 2,100 स्वदेशी ड्रोन पौराणिक प्रसंगों को सजीव कर उत्सव की दिव्यता को और अधिक विस्तार देंगे।

आध्यात्मिक महत्ता और काशी की सनातन विरासत पर आधारित इस 15 मिनट की तकनीकी प्रस्तुति में कुल 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन नजर आएंगे। थ्री-डी एनिमेशन तकनीक से तैयार इन आकृतियों को थीम आधारित शास्त्रीय संगीत और आकर्षक हिंदी वॉयस-ओवर के साथ इस प्रकार संयोजित किया जाएगा कि गंगा के ऊपर नीला आकाश एक के बाद एक मनमोहक दृश्यों का गवाह बनेगा।

आसमान में दिखेंगी 'शिव तांडव', 'मां विशालाक्षी' और 'बाबा कालभैरव' की आकृतियां

पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस संपूर्ण ड्रोन शो की मुख्य थीम 'देव दीपावली' के पौराणिक और सांस्कृतिक स्वरूप पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धराधाम पर अवतरण के भव्य दृश्य काशी के आकाश में जीवंत उठेंगे।

इसके अलावा, पावन काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और नगर कोतवाल बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करेंगी। इस हाईटेक प्रस्तुति के माध्यम से न केवल काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा, बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के विकासपरक और सांस्कृतिक प्रतीकों को भी कलात्मक रूप से उकेरा जाएगा।

आस्था और परंपरा का महाकुंभ है देव दीपावली

'देवताओं की दीपावली' के नाम से विश्वविख्यात यह पावन पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धर्मनगरी वाराणसी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी की देव दीपावली को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान मिली है। दीपावली के ठीक 15 दिन बाद पड़ने वाले इस उत्सव का विशेष धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व है।

मां गंगा के तट पर होने वाला भव्य दीपदान और महाआरती का अनुष्ठान आस्था का एक ऐसा अनुपम दृश्य प्रस्तुत करता है, जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया से सैलानी काशी पहुंचते हैं। सनातन मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्वयं देवी-देवता स्वर्ग लोक से उतरकर मां गंगा के पावन जल में स्नान करने आते हैं। इसी अटूट विश्वास के चलते इस उत्सव को 'देवताओं का प्रकाश पर्व' भी कहा जाता है।

सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही नई ऊंचाई

अमृत अभिजात अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग, अमृत अभिजात ने इस महायोजन की तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि काशी की देव दीपावली अब केवल एक स्थानीय उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का एक वैश्विक उत्सव बन चुकी है।

इस वर्ष 2,100 स्वदेशी ड्रोनों के माध्यम से भगवान शिव, मां गंगा और काशी की गौरवशाली पौराणिक विरासत के दिव्य प्रसंगों को आसमान में जिस प्रकार जीवंत किया जाएगा, वह अपने आप में एक मिसाल होगा। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य प्रयास यह है कि इस भव्य प्रस्तुति के जरिए देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई और ऊंची उड़ान मिले, जिससे काशी आने वाले हर एक श्रद्धालु और पर्यटक को जीवनभर के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो सके।

प्रशासनिक स्तर पर घाटों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, लेजर शो और लाइटिंग व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि 24 नवंबर को होने वाला यह महापर्व पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हो सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।