अयोध्या में बनेगा तो सिर्फ राम मंदिर, न्यायालय के आदेश का अब इंतजार : केशव मौर्य
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि अयोध्या में सिर्फ राम मंदिर बनेगा, बस न्यायालय के फैसले का इंतजार है, वहां बाबर के नाम पर एक ईंट भी नहीं रखने दी जाएगी।
मऊ, जेएनएन । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में बनेगा तो सिर्फ राम मंदिर। बस न्यायालय के फैसले का इंतजार है। वहां आक्रांता बाबर के नाम पर एक ईंट भी नहीं रखने दी जाएगी। वे जनपद के गोंठा में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने यहां पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 300 करोड़ रुपयों से अधिक लागत की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उनहोंने बगल के गांव मुरादपुर में पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद यादव के घर आयोजित तिलकोत्सव में भी भाग लिया।
गोंठा कृषि मंडी के मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारों की देन है कि चौतरफा विकास के काम हो रहे हैं। पहली बार ऐसा हुआ है कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ विकास के काम हो रहे हैं। वरना पूर्व की सरकारों में केवल कुछ प्रदेशों का ही विकास होता था और पूरे प्रदेश का विकास छपी पड़ा था। बुआ और भतीजा ने मिलकर 15 सालों में पूरे प्रदेश का सिस्टम कबाड़ा करके रख दिया था। हमारी सरकारें बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के विकास में लगी हैं। इसी की देन है कि सारे विपक्षी भयभीत हैं और सभी एकजुट होकर केवल नरेंद्र हटाओ अभियान में लगे हैं। विपक्ष के इस महागठबंधन में सभी दूल्हा और सभी बराती हैं या यह कह लें कि कि पूरी विपक्षी एकजुटता बिन दूल्हे की बरात है। उन्होंने कहा कि सारा विपक्ष भले ही एक हो जाय पर जनता उनके साथ नहीं है।
कहा कि पिछली सरकार ने अपराध को संस्थागत बना दिया था। हमारी सरकार में जनता भयमुक्त और अपराधी भययुक्त हो गये हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में पहली सर्जिकल स्ट्राइक हनुमान जी ने की थी। दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर भारतीय सेना ने किया। साफ कहा कि भाजपा पूरी तरह से राम मंदिर आंदोलन के साथ है। हमारा स्पष्ट मानना है कि वहां सिर्फ और सिर्फ प्रभु श्री राम का मंदिर ही बनेगा।