छह दिसंबर से पूर्वांचल में घना कोहरा पड़ने की संभावना, दो दिन में ही पांच डिग्री सेल्सियस पारा गिरने से बढ़ी गलन
ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ कि दिन में खिली धूप के बाद भी गलन बरकरार थी।
वाराणसी, जेएनएन। ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ कि दिन में खिली धूप के बाद भी गलन बरकरार थी। कंपकपाती ठंड से सभी को परेशान किया। दो दिन में ही न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस गिरकर 10 डिग्री पर आ गया। इसकी वजह से शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। सड़क पर जो लोग चल रहे थे वे स्वेटर व जैकेट पहन कर चल रहे थे।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने के कारण पूरे पूर्वांचल में मंगलवार से ही ठंड बढ़ गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान जहां 15 डिग्री था वहीं मंगलवार को घटकर 12.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके अगले दिन और घटकर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी .6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री था वहीं बुधवार को 24 डिग्री हो गया।
प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली हवा के कारण ठंड बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। साथ ही एक-दो दिन में पूर्वांचल में कोहरा भी अधिक छाएगा। कुछ स्थानों पर तो घने कोहरे की भी मार लोगों को झेलनी पड़ेगी।