तीन तलाक के फैसले ने मुस्लिम समाज की महिलाओं और बहनों को दिलाया सम्मान : स्वतंत्र देव सिंह
मीरजापुर पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तीन तलाक के फैसले ने मुस्लिम समाज की महिलाओं और बहनों को सम्मान दिलाया है।
मीरजापुर, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन तलाक के ऐतिहासिक फैसले से मुस्लिम समुदाय की माताओं और बहनों को समाज में सम्मान मिला हैैै। जिससे मुस्लिम माताएं और बहनें आम समाज में सम्मानजनक स्थिति में जीवन यापन कर रही हैंं। विंध्याचल मां विंध्यवासिनी के धाम में गुरुवार को सुबह 11.30 बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सबसे पहले मां के चरणों में मत्था टेका और विधि व मंत्र उच्चारण के साथ मां का विशेष पूजन अर्चन किया इसके उपरांत उन्होंने मंदिर में स्थित समस्त विग्रहों की भी पूजा की।
गुरुवार को वह वाराणसी से अपने गृह जनपद मीरजापुुुर पहुंचे थे। इस दौरान वह विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने आए और पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों के साथ ही सरकार के प्रयायों के बारे में भी लोगों को अवगत कराते हुए अयोध्या में राम जन्म भूमि में बनने वाले मंदिर के पूजन की तैयारियों की बाबत भी परिचर्चा की।
उन्होंने इस दौरान मंदिर में दर्शन पूजन के साथ मौके पर आए पार्टी के कार्यकर्ताओं से कुशलक्षेम भी पूछी और उनसे संवाद भी किया। कहा कि कोरोना संक्रमण काल में खुद को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की मदद और पार्टी की गतिविधियों के बारे में भी सक्रिय रहें। इससे पूर्व वह वाराणसी से मीरजापुर जिले में पहुंचे और मंदिर में दर्शन पूजन कर दूसरों की कुशलता के बारे में भी जानकारी ली। अपने गृह जनपद आए स्वतंत्र देव सिंह से इस दौरान पुराने मिलने वालों में भी काफी उत्सुकता बनी रही।
प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच अगस्त को अयोध्या में श्री राम मन्दिर के निर्माण की ईंट रखेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कल्पना धारा 370, तीन तलाक, 35 ए, नागरिकता संशोधन बिल का मार्ग प्रशस्त हुआ। आज मुस्लिम माताओं और बहनों को न्याय और सम्मान प्राप्त हुआ है। सरकार का निर्णय देश और समाज हित में हो रहा है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त व दुरुस्त हुई है। राम निर्माण मन्दिर के निर्माण से लोगों में खुशियां है, लोग अब दिवाली मनाएंगे।