श्रीराम मंदिर के लिए यूपीआइ और बारकोड के जरिए धन संग्रह नहीं करने का लिया निर्णय, वाराणसी में बोले चंपत राय
श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर देश के लोगों ने झोली खोल दी है। अब तक 15 सौ करोड़ की समर्पण निधि मिल चुकी है। इसके अलावा करीब चार सौ किलोग्राम तक चांदी की ईंटें भी दान में मिली हैं। निधि समर्पण अभियान 28 फरवरी तक चलेगा।
वाराणसी, जेएनएन। श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर देश के लोगों ने झोली खोल दी है। अब तक 15 सौ करोड़ की समर्पण निधि मिल चुकी है। इसके अलावा करीब चार सौ किलोग्राम तक चांदी की ईंटें भी दान में मिली हैं। निधि समर्पण अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। 25 सौ करोड़ के पार समर्पण निधि जा सकती है। हालांकि, आनलाइन पेमेंट में जालसाजी का मामला प्रकाश में आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास क्षेत्र से यूपीआई और बारकोड के जरिए धन संग्रह नहीं करने का निर्णय लिया है।
यह जानकारी विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास क्षेत्र के सचिव चंपत राय ने शुक्रवार को दिया। रोहनियां के शाहवाबाद स्थित कपड़े के एक शोरूम में आयोजित प्रेसवार्ता में चंपत राय ने कहा कि आनलाइन निधि समर्पण नहीं करने के लिए लोगों से अपील की जा रही है। साथ ही भारी मात्रा में चांदी की सिल्लियां दान में मिल रही हैं, लेकिन अभी मंदिर ट्रस्ट को चांदी की जरूरत नहीं है। धन संग्रह के तहत ज्यादा से ज्यादा धनराशि मिलना जरूरी है। चांदी और सोने की जरूरत जब होगी तब मांगा जाएगा लेकिन अभी सिर्फ धनराशि दी जाए तो ज्यादा अच्छा ह। दान में मिल रही सिल्लियों को बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखा गया है। धन संग्रह अभियान को 28 फ रवरी तक पूरा करना है। चंपत राय ने अखिलेश यादव और कांग्रेस के एक अन्य विधायक की तरफ से धन संग्रह अभियान को लेकर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि ईश्वर इनको देख रहा है और जनता दिखा रही है।
पश्चिम बंगाल में 10 बैठकें की हैं, वहां किसी कठिनाई का अनुभव नहीं हुआ
चंपत राय ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तरफ से राम नाम का विरोध किए जाने और दिल्ली में राम नाम को लेकर हुई हत्या के मामले में कहा कि हत्या के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। इसे राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। पश्चिम बंगाल में इन तीन दिनों में मैंने 10 बैठकें भी की हैं, वहां मुझे किसी कठिनाई का अनुभव नहीं हुआ। प्रेसवार्ता के बाद चंपत राय ने जिले में आयोजित निधि समर्पण कार्यक्रमों में शिरकत की। इसमें जालान होलसेल बाजार के कर्मचारियों ने पांच लाख तीन हजार 140 रुपये का समर्पण राशि दी। इस मौके पर विहिप के महानगर अध्यक्ष कन्हैया सिंह, मंत्री राजन तिवारी आदि मौजूद थे। दोपहर को काशी के सराफा व्यापारियों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय जी को 30 लाख रुपये का चेक समर्पण किया। ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी में आयोजित वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ द्वारा समर्पण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चंपत राय मौजूद थे। उन्होंने कहा कि 37,000 लोग साइकिल व बाइक से बैंकों में जाकर चेक अथवा नगद जमा किया है। इसमें विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश अंबरीश, काशी प्रांत मंत्री आनंद, प्रकाश, कन्हैया सिंह, राजन तिवारी, प्रद्युम्न अग्रवाल, विजय तिवारी, सुमित वर्मा, शैलेंद्र आदि मौजूद थे।
मंत्री रवींद्र को दी समर्पण राशि
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल को पूर्व सिविल इंजीनियर एवं उद्यान विशेषज्ञ बीएचयू केके सिंह निवासी सरायगोवर्धन ने अपनी माता और पिता की स्मृति में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए पेंशन से 51151 का चेक दिया। इस दौरान आरएसएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल भी मौजूद थे। भाजपा के श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव को आन्ध्र प्रदेश के पवन कुमार व उषाबाला ने एक लाख 11 हजार रुपये के दो चेक व 11 हजार का एक एक चेक दिया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के विशेष उपस्थिति में उत्तर भाग कार्यवाह रतनदीप को समर्पण निधि प्रदान की गई।