बेनी प्रसाद वर्मा के निधन पर अखिलेश यादव ने साझा की तस्वीर, वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया
बेनी प्रसाद वर्मा के निधन पर अखिलेश यादव ने साझा की तस्वीर तो दूसरी ओर वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया।
वाराणसी, जेएनएन। राज्यसभा सांसद और सपा के कद्दावर नेता बेनी प्रसाद वर्मा का शुक्रवार देर शाम निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बेनी प्रसाद वर्मा के निधन की खबर से समाजवादी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। सपा मुखिया अखिलेश यादव जहाँ श्रद्धांजलि देने पहुंचे वहीं सोशल मीडिया पर पुरानी तस्वीर भी साझा की। समाजवादी पार्टी, जिला व महानगर इकाई वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ पहलवान ने कहा कि बेनी बाबू का निधन समाजवादियों की अपूरणीय क्षति है। वह सपा के संस्थापक सदस्य रहे थे।
बेनी प्रसाद वर्मा उत्तर प्रदेश के कुर्मी समाज के बड़े नेता माने जाते थे। यूपीए 2 सरकार में बेनी प्रसाद वर्मा केन्द्रीय इस्पात मंत्री थे। महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया 1996 में वे संचार के स्वतंत्र राज्यमंत्री बने। इसी साल उन्हें संसदीय कार्य के राज्यमंत्री का भी जिम्मा सौंपा गया। 1996 में ही हुए लोकसभा चुनाव में वे फिर जीते। 1998 में उत्तरप्रदेश सपा पार्टी के प्रमुख सदस्य बने। इससे पहले वे समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव थे। 1996 से 1998 तक देवगौड़ा मंत्रिमंडल में केंद्रीय संचार मंत्री के पद पर रहे। 1998 में ही वे उत्तरप्रदेश सरकार में पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट तथा संसदीय कार्य मंत्री बने। वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी के राज्यसभा के सांसद थे। निधन पर वरिष्ठ सपा नेता डा. उमाशंकर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष आत्माराम यादव, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, मनोज राय धूपचंडी, डा. पीयूष यादव, वरुण सिंह पूर्व पार्षद , राजेश यादव नत्थू (पूर्व प्रदेश सचिव), सत्यप्रकाश सोनकर सोनू , अखिलेश मिश्रा, कन्हैयालाल गुप्ता, मनोज यादव गोलू, संजय यादव (पूर्व प्रमुख), आनन्द मौर्य, गोपाल यादव लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त किया।