विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देव दीपावली पर दीपों के प्रकाश में संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और अर्थव्यवस्था का होता संगम

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 06:07 PM (IST)

काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का उत्सव लाखों दीपों से गंगा घाटों को जगमगाता है, जो धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। यह आयोजन न केवल त्रिपुरासुर वध की पौराणिक कथा से जुड़ा है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देता है और स्वयं सहायता समूहों को रोजगार प्रदान कर सामाजिक-आर्थिक समरसता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।

देव दीपावली वाराणसी: संस्कृति, सद्भाव और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम।

देव दीपावली वाराणसी: संस्कृति, सद्भाव और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम।

HighLights

  1. काशी के 86 घाटों पर लाखों दीपों से जगमगाहट।

  2. देव दीपावली धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता का प्रतीक।

  3. स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा, स्वयं सहायता समूहों को रोजगार।

शैलेश अस्थाना, जागरण, वाराणसी। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते लाखों दीप, घाटों की सीढ़ियों पर सजी दीपमालाएं, मंदिरों के शिखरों से गलियों की देहरी तक बिखरी रोशनी और हर-हर महादेव का उद्घोष। कार्तिक पूर्णिमा की संध्या को काशी का यह दृश्य मानो देवलोक को धरा पर उतार देता है।

गंगा के समानांतर 86 घाटों पर प्रवाहित होती प्रकाश गंगा केवल धार्मिक आस्था का दृश्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की सामाजिक समरसता और सामूहिकता का जीवंत उत्सव है। देश-विदेश से उमड़ने वाली भीड़ में धनी-निर्धन, छोटे-बड़े और जाति-वर्ग का भेद मिट जाता है। सभी एक घाट पर खड़े होकर इस अलौकिक दृश्य के सहभागी बनते हैं। देवों के उत्सव में आमजन की सहभागिता का यह उत्सव इस वर्ष 24 नवंबर को मनाया जाएगा।

त्रिपुरासुर के संहार पर देवताओं ने मनाई थी दीपावली
वैदिक विद्वान पं. वेंकट रमन घनपाठी बताते हैं कि देव दीपावली का पौराणिक संबंध भगवान शिव के त्रिपुरासुर वध से जुड़ा है। शिव पुराण के अनुसार तारकासुर के तीन पुत्रों तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली ने तीन अभेद्य नगर बसाकर तीनों लोकों में आतंक फैला दिया था। देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन एक ही बाण से तीनों पुरों का विनाश किया। इस विजय पर देवताओं ने दीप जलाकर त्रिपुरारी शिव का अभिनंदन किया। मान्यता है कि इसी दिन देवता काशी आकर गंगा स्नान और दीपदान कर भगवान शिव की अभ्यर्थना करते हैं।

पंचगंगा घाट से लोकोत्सव तक का सफर

श्रीकाशी विद्वत परिषद के संगठन मंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी कहते हैं कि काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की परंपरा सदियों पुरानी है। पंचगंगा घाट पर महारानी अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित हजारा दीप स्तंभ इसका प्रमाण है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वरिष्ठ प्रो. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान स्वरूप में देव दीपावली को वृहद सामूहिक आयोजन बनाने का शुभारंभ अस्सी के दशक में हुआ।

वर्ष 1985 में मंगला गौरी मंदिर के महंत पं. नारायण गुरु और स्थानीय युवाओं ने पंचगंगा घाट से इसे विस्तार देना आरंभ किया। तत्कालीन काशी नरेश डा. विभूति नारायण सिंह का भी प्रोत्साहन मिला। वर्ष 1986 में आयोजन को संगठित स्वरूप मिला। धीरे-धीरे घाट समितियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी ने इसे काशी की वैश्विक पहचान बना दिया।

दीपों में समाई सामाजिक-आर्थिक समरसता
अर्थशास्त्री प्रो. अनूप मिश्र का कहना है कि देव दीपावली का महत्व धर्म और पर्यटन से आगे काशी की सामाजिक-आर्थिक संरचना तक फैला है। घाटों की सफाई, सजावट और दीपदान में मोहल्लों के लोग, युवा, महिलाएं और सामाजिक संस्थाएं मिलकर भागीदारी करती हैं। वहीं कुम्हारों, बाती और तेल विक्रेताओं, फूल-माला कारोबारियों, नाविकों, गाइड, होटल, धर्मशालाओं और खानपान व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार मिलता है। आयोजन की तैयारियां कई सप्ताह पहले आरंभ हो जाती हैं और स्थानीय कारोबार को गति देती हैं। यहां आस्था किसी एक व्यक्ति की नहीं, सामूहिक सहभागिता की अभिव्यक्ति बन जाती है।

देव दीपावली में परंपरा और आधुनिकता, अध्यात्म और अर्थव्यवस्था तथा व्यक्तिगत आस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व का अद्भुत संगम दिखाई देता है। गंगा की लहरों पर तैरते दीप संदेश देते हैं कि प्रकाश तभी सार्थक है, जब वह सबके हिस्से में पहुंचे।

जगमगाएंगे 11 लाख दीप, फैलेगी कुम्हारों व ग्रामीण शिल्पकारों के कौशल की आभा
देव दीपावली की जगमगाहट के पीछे मिट्टी को आकार देते उन हाथों का श्रम भी शामिल है, जिनके कौशल की चर्चा प्राय: उत्सव की चकाचौंध में छिप जाती है। इस वर्ष गंगा के दोनों तटों पर लगभग 11 लाख दीप जलाने की योजना है। इनमें तीन लाख दीये वाराणसी के आठ विकास खंडों के 82 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 260 महिलाएं तैयार कर रही हैं। इससे समूहों को लगभग 4.65 लाख रुपये की आय होगी।

चिरईगांव में सर्वाधिक 1.40 लाख दीये तैयार हो रहे हैं। यहां 13 समूहों की 61 महिलाएं काम में जुटी हैं। पिंडरा में 30,600, आराजीलाइन में 30 हजार, चोलापुर में 27 हजार, सेवापुरी और काशी विद्यापीठ में 25-25 हजार, बड़ागांव में 13,500 तथा हरहुआ में 8,900 दीये बनाए जा रहे हैं।

इनमें आठ सेंटीमीटर गोलाई और पांच सेंटीमीटर गहराई वाले मिट्टी के दीपक, नौ सेंटीमीटर लंबी बातियां तथा 20 ग्राम तक तेल धारण करने वाले गोबर के दीपक शामिल हैं। इस तरह औसतन प्रति दीया 1.55 रुपये का आर्थिक मूल्य समूहों को मिलेगा। दीयों और बातियों की सरकारी आपूर्ति पर्यटन विभाग की निविदा प्रक्रिया से होती है।

आयोजन से स्वयं सहायता समूहों के अतिरिक्त पारंपरिक कुम्हार परिवारों, तेल-बाती विक्रेताओं और स्थानीय कारोबारियों को भी अवसर मिलता है। हालांकि, सरकारी खरीद में स्थानीय कुम्हारों की वास्तविक हिस्सेदारी और दूसरे जिलों से होने वाली आपूर्ति का ब्योरा अभी स्पष्ट नहीं है। फिर भी गंगा के घाटों पर जलने वाला प्रत्येक दीप किसी न किसी परिवार के श्रम, कौशल और आस का प्रतीक भी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।