काशी में आम ही नहीं विदेशी फल भी, लोकआस्था के 'छठ पर्व' पर फलमंडी में उमड़ी खरीदारों की भीड़
छठ महापर्व नजदीक आते ही वाराणसी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। फल मंडियों में खरीदारों की भारी भीड़ ...और पढ़ें

वाराणसी में छठ पर्व पर फल मंडी में उमड़ी खरीदारों की भीड़।
HighLights
छठ महापर्व के लिए वाराणसी की मंडियों में खरीदारों की भारी भीड़।
फल और पूजा सामग्री की खरीदारी से बाजारों में रौनक बढ़ी।
भीड़ के कारण मंडी क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। छठ महापर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। छठ पर फलों का मान अधिक होने से आस्था को फलों का बाजार ही रंगत दे रहा है। शनिवार से शुरू होकर सोमवार को समापन होने वाले पर्व को लेकर पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी में बुधवार को खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी।
छठ पूजा में उपयोग होने वाले फल और अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए व्यापारियों के साथ ही आम ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही। खरीदारों के वाहनों और मालवाहक ट्रकों, पिकअप व टेंपो की आवाजाही के चलते मंडी में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बुधवार को कई बार लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
आफ सीजन का आम भी बाजार में
आम के दो वैरायटी का थोक भाव 160 रुपये किलो है जो सर्दी में ग्राहकों के बजट में कहा जा सकता है। इसमें तोतापुरी, नीलम परी, लालबाग आम जो आंध्र से आया है वह रौनक बढ़ा रहा है। जबकि केले के घौद का भाव 16 रुपये किलो के आसपास है, इसी हिसाब से बीस किलो के करीब पूरा घौद बिक रहा है, जबकि गागर नींबू का भाव 40 रुपये के आसपास है।
फल मंडी में इन भावों पर हुई बिक्री
छठ पूजा के लिए जरूरी फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी के बीच मंडी में आंवला 40 रुपये, सिंघाड़ा 40 रुपये, कन्ना 40 रुपये, केला 16 रुपये, संतरा 30 से 40 रुपये, सेब 80 रुपये, अनार 160 रुपये, सूतनी 60 रुपये और इमली 150 रुपये किलो बिकी। मकोय और करौदा 150 रुपये किलो, हिरमाना 10 रुपये, बंडा 30 रुपये और आंवला की एक अन्य किस्म 20 रुपये किलो बिकी।
वहीं दूसरी ओर रामफल 15 रुपये, सूखा नारियल 50 रुपये, जटा नारियल 40 रुपये, नींबू पांच रुपये, अनानास आठ से 20 रुपये, धतूरा पांच रुपये, गागर 40 रुपये, अमरक पांच रुपये, हरी हल्दी पांच रुपये, चौकतरा 10 रुपये, कदम दो रुपये और कैत 10 रुपये प्रति पीस की दर से बिके।
पूजा मंडी में दउरा-सूप की मांग
उधर, पांडेयपुर स्थित पूजा मंडी में भी छठ पूजा की सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। यहां दउरा 180 से 220 रुपये प्रति पीस, सूप 70 से 80 रुपये प्रति पीस, महावर पांच रुपये, डलिया 40 से 50 रुपये प्रति पीस बिकी। वहीं नया गुड़ 80 रुपये और नया चावल 60 रुपये किलो की दर से उपलब्ध रहा। पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजारों में खरीदारी का सिलसिला तेज हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।