सोनभद्र में पेशी पर आए नरसंहार के आरोपित, न्यायालय परिसर में रही कड़ी सुरक्षा
घोरावल के उभ्भा गांव में हुए नरसंहार के बाद हिरासत में लिए गए आरोपितों की न्यायालय में सोमवार को पेशी हुई। यहां मुख्य आरोपित सहित पांच अन्य लोगों को कोर्ट में पेश किया गया।
सोनभद्र, जेएनएन। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में हुए नरसंहार के मुख्य आरोपित यज्ञ दत्त सहित पांच आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए पुलिस के आवेदन पर सोमवार को विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी के न्यायालय में पांचों को पेश किया गया। हालांकि अधिवक्ताओं की हड़ताल की वजह से पुलिस रिमांड नहीं मिल सकी। ऐसे में सभी को पुन: जेल भेज दिया गया। न्यायालय ने पेशी की अगली तिथि 30 जुलाई निर्धारित की है। इसे लेकर न्यायालय परिसर में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी।
उभ्भा गांव में ग्राम प्रधान मूर्तिया यज्ञ दत्त के पक्ष द्वारा भूमि पर कब्जा करने के चक्कर में 17 जुलाई को नरसंहार हो गया था। इस नरसंहार में गांव के दस लोगों की जान चली गई और 28 लोग घायल हो गए। घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं गंभीरता से लिया और पुलिस महानिदेशक ओपी ङ्क्षसह को व्यक्तिगत रूप से इस मामले को देखने के लिए कहा। पीडि़त पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर इस मामले में 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना के 25 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपित ग्राम प्रधान सहित पांच को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अब तक कुल 52 आरोपित पकड़े जा चुके हैं।
मुख्य आरोपित व आरोपितों से पूछताछ कर कुछ साक्ष्य इकठ्ठा करने के लिए पुलिस रिमांड पर लेना चाहती है। इसके लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र भी दिया है। उसी के क्रम में मुख्य आरोपित यज्ञ दत्त, गणेश, धर्मेंद्र, नीरज व असर्फी को सोमवार को दोपहर में न्यायालय में पेश किया गया। सीओ सिटी केजी ङ्क्षसह ने बताया कि मुख्य आरोपित सहित पांच आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। भारी संख्या में पुलिस फोर्स न्यायालय के साथ ही आप-पास तैनात रही।
इन तिथियों में भी होगी पेशी
सोनभद्र : उभ्भा नरसंहार के मामले में अब तक कुल 52 आरोपित जेल जा चुके हैं। इसमें से कुछ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और कुछ ने न्यायालय में समर्पण किया है। इन सबकी विवेचना रिमांड होनी है। 31 जुलाई को 31 आरोपितों की पेशी होगी। इसके बाद पांच अगस्त को छह, सात अगस्त को नौ, नौ अगस्त को दो आरोपितों की पेशी होनी है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप