Coronavirus News Update पूर्वांचल में काेरोना मरीजों के मिलने का क्रम जारी, 21 नए केस, दो की मौत
Coronavirus News Update पूर्वांचल में काेरोना मरीजों के मिलने का क्रम जारी है वहीं 21 नए केस मिले और भदोही के दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को भी 21 नए मामले सामने आए जबकि भदोही के दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई। जौनपुर में सात, मीरजापुर में छह, गाजीपुर में चार, मऊ में तीन और बलिया में एक संक्रमित पाया गया। मीरजापुर के विंध्याचल में दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। विंध्याचल में मरीजों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई। कछवां के बाद विंध्याचल नया कोरोना हाॅटस्पाॅट इलाका बना। वहीं सीखड़ में तीन और हलिया में भी एक कोरोना पॉजिटिव मिला।
भदोही के दो कोरोना पॉजिटिव की मुंबई में मौत
भदोही के सुरियावां विकास खंड के दो अलग-अलग गांवों में महिला सहित दो कोरोना पॉजिटिव की मुंबई में मौत हो गई। वह पूरे परिवार से एक ही फ्लैट में रहते थे। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व वह बुखार सर्दी व सांस की दिक्कत हुई तो इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने स्वैब जांच कराया तो कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। मुंबई के एक अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया। जहां शनिवार की देर रात उनकी मौत हो गई। इसी तरह बनकट गांव की एक महिला की मुंबई में मौत हो गई। वहीं भदोही स्थित सीएचसी के एल-1 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दो कोरोना पॉजिटिव की हालत शनिवार की देर शाम बिगड़ गई। काफी प्रयास के बाद सुधार न होने पर दोनों को बीएचयू रेफर कर दिया गया। इसके बाद एंबुलेंस से ले जाकर में दोनों को वहां आइसोलेट किया गया।
जौनपुर में 195 सक्रिय केस, 234 स्वस्थ
जौनपुर में रविवार को आई रिपोर्ट में सात और कोरोना पाॅजिटिव मिले। सभी संक्रमित मुंबई से आए हैं। जिले में पीडि़तों का आंकड़ा अब बढ़कर 432 हो गया है। इनमें 195 सक्रिय केस जबकि 234 स्वस्थ हो चुके हैं। तीन संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। हालांकि परदेसियों के आने व स्वस्थ होने के लिहाज से अभी आंकड़ा संतोषजनक हैं। कोरोना पाजिटिव मरीजों मेें सबसे अधिक मडिय़ाहूं के दो, डोभी, बदलापुर, करंजाकला, मुफ्तीगंज और बरसठी के एक-एक मरीज हैं। जबकि सिकरारा निवासी एक मुंबई से प्राइवेट लैब में नमूना देकर घर आ गया था। मुंबई से आई सूचना के बाद उसे अस्पताल भेजा गया। उसकी गिनती जिले में नहीं होगी।
मऊ में एक्टिव केस की संख्या अब सात
मऊ के विकास खंड दोहरीघाट में दो व फतेहपुर मंडाव में एक सहित कुल तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए। इस प्रकार एक्टिव मरीजों की संख्या अब सात पर पहुंच गई हैं। यह सभी ओमान, मास्को व महाराष्ट्र से लौटे हैं। सभी संक्रमितों को परदहां एल-1 अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। तीनों के परिजनों को को होम क्वारंटाइन किया गया है। इसके अलावा तीनों गांवों को हाटस्पॉट घोषित कर सैनिटाइजर से छिड़काव किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक 2933 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसमें से 2707 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इसमें 2648 निगेटिव पाए गए हैं। 62 पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसमें से 54 को डिस्चार्ज कर दिया गया है। एक संक्रमित की मौत हो चुकी है।
बलिया में अब 10 एक्टिव केस, 52 हुए स्वस्थ
बलिया शहर से सटे परिखरा गांव में रविवार को एक कोरोना वायरस संक्रमित मिला। जिला प्रशासन ने तत्काल उसे हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया। पुलिस ने मोहल्ले में आने जाने वाले सभी रास्तों को लॉक कर घरों में रहने की हिदायत दी। जनपद में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 62 हो गई है। इसमें से 52 स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। एक्टिव केस को संख्या अब 10 रह गई है।
गाजीपुर में 158 स्वस्थ, 30 केस एक्टिव
मुंबई से आटो रिर्जव कर गाजीपुर के मरदह ब्लाक के स्थानीय गांव पहुंचे प्रवासी मां, पुत्र व पुत्री सहित रविवार को कुल चार पाॅजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि पूरा परिवार कासिमाबाद स्थित क्वारंटाइन सेंटर पर आइसोलेट थे। सभी संक्रमितों को मेडिकल टीम उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर लेकर रवाना हो गई। अब जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 188, एक्टिव मामले 30 व 158 स्वस्थ हो चुके हैं।