Corona virus Positive व्यक्ति के साथ यात्रा करने वाला बलिया में बिना सूचना मौजूद होने से हड़कम्प
कोरोना वायरस पीड़ित व्यक्ति के साथ यात्रा करने वाला बलिया में बिना सूचना मौजूद होने से मचा हड़कम्प।
बलिया, जेएनएन। कसेसर क्षेत्र में बीते दिनों दुबई से घर आये सीवान बिहार के एक दम्पति के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलने के बाद उनके साथ बलिया के युवक राजाराम के यात्रा की जानकारी मिलते ही पूरे जनपद में हड़कम्प मच गया।
सोमवार की शाम से ही पूरा प्रशासनिक अमल उसकी खोज -बीन में लग गया। लेकिन कही उसका सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में उस नाम के व्यक्ति के दुबई से आने की जानकारी हुई तो बिल्थरारोड तहसीलदार व भीमपुरा एसओ शिवमिलन वहां उसके घर गए तो पता चला कि वह मंदिर पूजा करने गया है। इसके बाद प्रशासन की परेशानी और बढ़ गयी। उसके बाद प्रशासनिक टीम मंदिर गयी तो वह वहां भी नहीं मिला। आनन फानन उसके बाद टीम फिर उसके घर गयी तो वह मिल गया। उसके बाद उससे पूरे यात्रा और साथियों सहित लोगों से मेल जोल की जानकारी ली गयी। जानकारी के बाद उसे जांच के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
वहीं प्रसाशन की ओर से उस पर यात्रा की जानकारी छुपाने को लेकर मुकदमा दर्ज करने की संभावना से भी इंकार नही किया गया है। वही पूरे गांव को आपस मे दूरी बनाने के निर्देश प्रशासन की ओर से दिए गए हैं। वहीं इसकी जानकारी होते ही पूरे गावं में कोरोना के फैलने को लेकर दहशत फैल गयी। यह सूचना सोशल मिडिया में भी खूब फैलती रही।