वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी घसीट कर पेट्रोल-डीजल में मूल्य वृद्धि के खिलाफ किया प्रदर्शन
वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी घसीट कर पेट्रोल-डीजल में मूल्य वृद्धि को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वाराणसी, जेएनएन। देश में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम के कारण आम जनता पर बोझ बढ़ता जा रहा है। लॉकडाउन में कई लोगों ने अपनी नौकरी गवां दी। ऐसे में लोगों का घर चलना भी मुश्किल हो रहा है। सरकार ने पिछले कई दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगभग 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई। इसको देखते हुए पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कांग्रेस पार्टी के कर्तकर्ताओं ने अनोखे रूप में सरकार का विरोध किया।
वाराणसी में पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल - डीजल के मूल्यों में वृद्धि को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध के लिए अनोखा तरीका अपनाया। लोगों ने बैलगाड़ी घसीट कर मूल्य वृद्धि वापस लेने के लिए सरकार का विरोध किया। कार्यकर्ताओ ने कहा कि कोरोना के कारण लॉकडाउन में उद्योग धंधे बंद होने के बाद लोगों की नौकरी चली गई। उधर सरकार पिछले कई दिनों से पेट्रोल- डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर रही है और लोगों के साथ अन्याय कर रही है।
गड़बड़ाए बजट की भरपाई करने के लिए आम लोगों पर डाला बोझ
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अपने गड़बड़ाए बजट की भरपाई आम लोगों के ऊपर बोझ डालकर वसूलना चाहती है। सरकार अपने फैसले को वापस ले और पेट्रोल-डीजल के दाम में कमी लाए। कहा कि लॉकडाउन से पहले ही आम लोगों के जीवन में संकट उत्पन्न हो गया है वहीं ऐसे विपदा की घड़ी में पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी करना उचित नहीं है। सरकार को ऐसे समय में आमजन का सहयोग करना चाहिए न कि उन पर और बोझ डालना। कहा कि यह सरकार जन विरोधी है। ऐसे सरकार का क्या फायद जो जनता की समस्याओं को कम करने की बजाय उसे और बढ़ाए। कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम जल्द वापस लिए जाएं जिससे जनता को तत्काल राहत मिल सके। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, डॉ. जितेंद्र सिंह सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।