मंदी को लेकर भाजपा सरकार को घेरेगी कांग्रेस, 15 से 25 अक्टूबर तक जनपद स्तर पर किया जाएगा आंदोलन
देश में आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इस मुद्दे पर राज्य स्तरीय आंदोलन की तैयारी है।
वाराणसी, जेएनएन। देश में आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इस मुद्दे पर राज्य स्तरीय आंदोलन की तैयारी है। 15 से 25 अक्टूबर के बीच धरना-प्रदर्शन कर जनता को मंदी के दुष्परिणाम के बारे बताया जाएगा।
रणनीति के तहत जिला, तहसील और निचले स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन खड़ा करने की कोशिश होगी। यह आंदोलन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर होगा। कांग्रेस सूत्रों का मानना है कि प्रचंड बहुमत से दोबारा सत्ता में आई नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने को लेकर अब तक सारे मुद्दे विफल साबित हुए हैं। अर्थव्यवस्था ऐसा विषय है जिससे देश की जनता प्रभावित होती है क्योंकि मंदी से लगातार नौकरियां जा रहीं हैं।
सरकार बेखबर, जनता परेशान : कांग्रेस का मानना है कि जनता के बीच जाकर आर्थिक मंदी के दुष्परिणाम बताने से सरकार की घेराबंदी की जा सकती है क्योंकि जनता परेशान है और सरकार इससे बेखबर है। जनता के मनोभाव से जुड़कर उनके दिल तक पार्टी उतर सकती है।
ऑटो सेक्टर में जोरदार मंदी : कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि देश में जबरदस्त मंदी है। आटो सेक्टर में भी जोरदार मंदी देखी जा रही है। मारुति जैसी कई बड़ी कंपनियों ने मांग कम होने पर सप्ताह में कई दिन उत्पादन बंद रखा। ऐसे में वित्त मंत्री भी कंपनियों को राहत देने के लिए आगे आईं लेकिन इसका कोई खास असर नहीं देखा गया। इसके अलावा कोर सेक्टर में भी गिरावट दर्ज की गई है।