अमर्यादित टिप्पणी पर भड़के कांग्रेसी, गाजीपुर में मंत्री आनंद स्वरूप के चित्र पर पोती कालिख
कांग्रेस पार्टी की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी पर प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला द्वारा कथित तौर से अमर्यादित टिप्पणी करने पर कांग्रेसी भड़क गए।
गाजीपुर, जेएनएन। कांग्रेस पार्टी की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी पर प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला द्वारा कथित तौर से अमर्यादित टिप्पणी करने पर कांग्रेसी भड़क गए। वे इसका विरोध करने के साथ ही कचहरी के पास मंत्री के चित्र पर कालिख पोता। साथ ही नारे भी लगाए।
जिलाध्यक्ष मारकंडेय सिंह ने कहा कि जिले में दो दिवसीय दौरा के दौरान मंत्री आनंद स्वरूप ने महासचिव पर अमर्यादित टिप्पणी की जो निंदनीय है। पार्टी सर्व सम्मति से निर्णय लेती है कि मंत्री जब जिले में आएंगे तो उन्हें काला झंडा दिखाकर विरोध जताया जाएगा। भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि पूरा जनपद बाढ़ से डूबा है। बिजली महंगी हो गई है।
युवाओं का रोजगार छीना जा रहा है। इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के मंत्री टिप्पणी कर रहे हैं। मांग की कि महासचिव पर टिप्पणी करने वाले मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए वरना पार्टी सड़क पर उतरेंगे। पंकज दुबे ने कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान की बात करने वाली भाजपा में अगर तनिक भी शर्म है तो मंत्री को तत्काल बर्खास्त कर उन्हें जेल भेजे। विरोध जताने वालों में पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, रविकांत राय, प्रदेश सचिव जयप्रकाश यादव, अजय श्रीवास्तव, रामनगीना पांडेय, माधव कृष्णा, फरहान आदि थे।