विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जर्जर आवास की स्थिति पर कांग्रेस ने जताई च‍िंता

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 11 Nov 2026 05:44 PM (IST)

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जर्जर आवास और उनके परिवार की बदहाली पर कांग्रेस व नागरिक समाज ने चिंता ...और पढ़ें

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जर्जर आवास पर कांग्रेस ने उठाई चिंता।

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जर्जर आवास पर कांग्रेस ने उठाई चिंता।

HighLights

  1. उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का आवास जर्जर, परिवार बदहाल।

  2. कांग्रेस व नागरिक समाज ने गहरी चिंता व्यक्त की।

  3. आवास संरक्षण और परिवार के लिए आजीविका की मांग।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारत रत्न और विश्वविख्यात शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जर्जर और जीर्ण-शीर्ण आवास की स्थिति देखकर कांग्रेस पार्टी एवं नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने चिंता व्यक्त की। देश-दुनिया में बनारस और भारतीय संगीत की पहचान को अपनी कला से गौरवान्वित करने वाले उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर की बदहाल स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।

प्रतिनिधिमंडल ने उस्ताद साहब के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, वर्तमान परिस्थितियों और आजीविका से जुड़े सवालों पर विस्तार से बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि जिस कलाकार ने अपनी शहनाई से देश को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और जिन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया, उनके परिवार और आवास की ऐसी स्थिति हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

आरोप लगाया क‍ि भाजपा ने बनारस को क्योटो बनाने का वादा किया था। प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी और विश्वस्तरीय विकास परियोजनाओं का ढिंढोरा पीटते हैं। लेकिन सवाल है कि इस विकास का वास्तविक अर्थ क्या है? क्या विकास केवल चमकती सड़कों, बड़ी परियोजनाओं और भव्य इमारतों तक सीमित है? जिस शहर की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से है, उसी शहर में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का आवास जर्जर हालत में हो और उनके परिजनों के सामने भरण-पोषण एवं आजीविका का संकट हो, तो यह विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

जिस उस्ताद ने अपनी शहनाई से बनारस का नाम दुनिया भर में रोशन किया, जिन्होंने देश की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उनके परिवार और विरासत के प्रति यह उदासीनता चिंताजनक है। बनारस को क्योटो बनाने से पहले उसकी अपनी विरासत, उसके कलाकारों और उनकी संतानों के सम्मान एवं गरिमा की चिंता करना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने निर्णय लिया कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पैतृक आवास के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार, उनके परिजनों के सम्मानजनक भरण-पोषण तथा स्थायी आजीविका की व्यवस्था के लिए सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मांग उठाई जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारत रत्न केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक धरोहर के प्रति राष्ट्र की जिम्मेदारी भी है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को केवल समारोहों और भाषणों तक सीमित रखने के बजाय उनके परिवार और उनकी सांस्कृतिक स्मृतियों का संरक्षण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रतिनिधि मंडल में महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, मनीष शर्मा, धनंजय त्रिपाठी, अब्दुल हमीद डोडे, किशन यादव, मो उज्जैर, रामजी गुप्ता समेत कई लोग शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।