पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस आयुक्त ने फहराया ध्वज, दिलाई गौरवशाली परंपराओं की याद
पुलिस झंडा दिवस पर वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ध्वज फहराया, पुलिस ध्वज के गौरवशाली इतिहास और उत्तर प्रदेश पुलिस की समृद्ध परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन का आह्वान किया।

पुलिस झंडा दिवस पर वाराणसी पुलिस आयुक्त ने फहराया ध्वज दिलाई गौरवशाली परंपराओं की याद।
HighLights
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन में ध्वज फहराया।
पुलिस ध्वज के गौरवशाली इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला।
पुलिसकर्मियों को निष्ठा, ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन का आह्वान।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस ध्वज के गौरवशाली इतिहास, उसके महत्व और उत्तर प्रदेश पुलिस की समृद्ध परंपराओं से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था।
उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल के साहस, शौर्य, त्याग, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की गौरवशाली विरासत का परिचायक है। यह ध्वज जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ध्वज की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान और गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।