आइए ददरी मेला, यहां 50 से 100 रुपये तक में लीजिए झूलों का आनंद, जलपरी शो भी
बलिया के ददरी मेले में इस बार मनोरंजन के लिए कई तरह के झूले और आकर्षक शो उपलब्ध हैं, जिनकी सवारी का आनंद 50 से 100 रुपये में लिया जा सकता है। बच्चों और बड़ों के लिए ज्वाइंट व्हील, कोलंबस जैसे रोमांचक झूले और जलपरी शो व भूत बंगला जैसे आकर्षण मौजूद हैं।

ददरी मेले में झूलों का रोमांच और जलपरी शो का अनूठा संगम।
HighLights
ददरी मेले में 50 से 100 रुपये में झूलों का आनंद।
ज्वाइंट व्हील, कोलंबस, ग्रेविटी जैसे रोमांचक झूले उपलब्ध।
जलपरी शो और हान्टेड भूत बंगला भी प्रमुख आकर्षण।
जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले में इस बार मनोरंजन के लिए झूलों और आकर्षक खेलों की भरमार है। मेले में आने वाले लोगों को 50 रुपये से लेकर अधिकतम 100 रुपये तक में झूलों का आनंद लेने का मौका मिलेगा। बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए अलग-अलग तरह के झूले लगाए गए हैं। झूला व्यापारी बबलू साहू के मुताबिक मेले में सबसे बड़े और रोमांचक झूलों के टिकट की दर 50 से 100 रुपये के बीच रखी गई है। वहीं, छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए 30 से 50 रुपये तक के झूले भी उपलब्ध हैं।
मेले के प्रमुख आकर्षणों में ज्वाइंट व्हील, कोलंबस, ग्रेविटी, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन, डोरा-डोरा और टावर झूला शामिल हैं। ज्वाइंट व्हील में एक साथ 50 लोग बैठ सकते हैं। इसकी सवारी के लिए 80 रुपये देने होंगे। वहीं, कोलंबस झूले में एक बार में 60 से 70 लोग बैठ सकते हैं। इसका टिकट भी 80 रुपये निर्धारित है।
ग्रेविटी झूला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें गोल-गोल घूमने के दौरान लोग शीशे से चिपक जाते हैं। इसकी सवारी के लिए 100 रुपये खर्च करने होंगे। ब्रेक डांस झूले में एक साथ 16 से 20 लोग बैठ सकते हैं। इसका किराया 80 रुपये है। छह बोगियों वाली ड्रैगन ट्रेन में 12 से 14 लोग बैठ सकते हैं। इसकी सवारी 70 रुपये में होगी। डोरा-डोरा झूला कमल के फूल की आकृति का है, जिसमें आगे और पीछे बैठने की व्यवस्था है। इसमें 16 से 20 लोग बैठ सकते हैं। इसका टिकट 70 रुपये रखा गया है।
रेंजर्स झूला भी रोमांच पसंद करने वालों को आकर्षित करेगा। इसमें दो पालकियों में करीब 20 लोग बैठ सकते हैं। झूला ऊपर-नीचे घूमता है और इसका किराया 80 रुपये है। डबल डिस्क झूला गोल-गोल घूमने के साथ नाव की तरह ऊपर-नीचे चलता है। इसमें 30 लोग एक साथ बैठ सकते हैं। इसकी सवारी के लिए 80 रुपये देने होंगे। टावर झूला भी खास आकर्षण होगा। यह गोल-गोल घूमते हुए करीब 40 फीट की ऊंचाई तक जाता है।
इसमें 15 से 20 लोग बैठ सकते हैं। इसका टिकट 100 रुपये है। सेलंबो झूला भी गोल घूमते हुए ऊपर की ओर जाता है। इसमें 16 से 20 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और किराया 70 रुपये है। इसके अलावा प्लेन की तरह चलने वाले क्रास झूले की सवारी 60 रुपये में की जा सकेगी। इस बार मेले में जलपरी शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
झूला व्यापारी के मुताबिक पहले इस शो में रूस की युवती प्रस्तुति देती थी, लेकिन इस बार भारतीय युवतियां जलपरी के रूप में शो करेंगी। इसके लिए टिकट 100 रुपये रखा गया है। वहीं, हान्टेड भूत बंगला रनिंग शो के रूप में लोगों का मनोरंजन करेगा। इसे देखने के लिए 50 से 60 रुपये खर्च करने होंगे। मौत के झूले का टिकट 60 से 70 रुपये निर्धारित किया गया है। छोटे बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। उनके लिए छोटी चरखी 30 रुपये और मिक्की माउस झूले का टिकट 50 रुपये रखा गया है। कुल मिलाकर ददरी मेले में अलग-अलग उम्र और पसंद के लोगों के लिए मनोरंजन के कई विकल्प उपलब्ध हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।