प्रवासी दिवस तक यातायात सामान्य करे सेतु निगम, अफसरों के साथ किया निरीक्षण
चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के निर्माण की प्रगति जानने के लिए सोमवार को एएसपी यातायात सुरेश चंद्र रावत ने सेतु निगम अधिकारियों के साथ पूरी साइट का निरीक्षण किया।
वाराणसी, जेएनएन । चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के निर्माण की प्रगति जानने के लिए सोमवार को एएसपी यातायात सुरेश चंद्र रावत ने सेतु निगम अधिकारियों के साथ पूरी साइट का निरीक्षण किया। निरीक्षण को जिला प्रशासन के प्रवासी भारतीय दिवस के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा काम पूरा कर लेने के निर्देश से जोड़ कर देखा जा रहा है। कार्यदायी संस्था अधिकारियों के मुताबिक काम 10 जनवरी तक स्टील बीम वाले प्वाइंट छोड़ काम को पूरा करने की कोशिश होगी।
एएसपी यातायात सुरेश चंद्र रावत ने सेतु निगम उप परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार सिंह के साथ रोडवेज बस अड्डे के सामने पिलर संख्या 47 से लेकर पं. कमला पति त्रिपाठी विद्यालय की तरफ हो रहे काम को देखते हुए रफ्तार पर संतोष जताया। साथ ही कहा कि यातायात को सामान्य करने के लिए सेतु निगम से कहा।
दस बीम का काम पूरा, डेक बनाने की तैयारी : सेतु निगम अफसरों के मुताबिक यातायात डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए काम तेजी से किया जा रहा है। इसमें 10 बीम डालने के साथ ही रोडवेज से रेलवे स्टेशन के बीच डेक बनाने का काम किया जा रहा है। जिन्हें दो चरणों में 12 दिसंबर और 20 दिसंबर मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
एडीएम वित्त ने लिया फुलवरिया फोरलेन योजना का जायजा : जिला प्रशासन, सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने फुलवरिया फोरलेन के काम का जायजा लिया। इसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सहायक अभियंता सेतु निगम विजय सिंह और अवर अभियंता लोनिवि धनंजय शामिल थे। संत अतुलानंद विद्यालय से लहरतारा तक किए गए सर्वे में मुआवजे संबंधी रिपोर्ट से जोड़ कर देखा जा रहा है। दो दिन पूर्व ही जिला प्रशासन की टीम ने योजना के रास्ते में आने वाले कब्जों का चिन्हांकन किया है।