देव दीपावली पर काशी के घाटों पर स्वच्छता की अपील, सभी घाटों पर लगे कूड़ादान
नगर निगम और नमामि गंगे ने देव दीपावली के लिए काशी के घाटों पर साफ-सफाई और जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दीपोत्सव के दौरान घाटों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखें।

देव दीपावली पर काशी के घाटों पर स्वच्छता का विशेष अभियान।
HighLights
घाटों पर साफ-सफाई और जन-जागरूकता अभियान तेज।
श्रद्धालुओं से कचरा न फैलाने की अपील की गई।
सभी घाटों पर कूड़ेदान पुनः व्यवस्थित किए गए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आगामी देव दीपावली को लेकर नगर निगम और नमामि गंगे की ओर से घाटों की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के नेतृत्व में प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि दीपोत्सव के दौरान घाटों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखें।
काशी के घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को सभी घाटों पर कूड़ेदान पुनः व्यवस्थित जगह पर लगा दिए गए। नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में घाटों पर स्वच्छता के लिए जन-जागरण किया गया।
राजेंद्र प्रसाद, दशाश्वमेध, प्रयाग और शीतला घाट पर श्रद्धालुओं, पुरोहितों, पूजन सामग्री विक्रेताओं और नाविकों को कूड़ेदान के प्रयोग के लिए जागरूक किया गया।
बताया गया कि बाढ़ की वजह से कूड़ेदान सुरक्षित रख दिए जाते हैं। बाढ़ घटने के बाद उन्हें सभी घाटों पर पुनः स्थापित किया जाता है। राजेश शुक्ला ने कहा कि देव दीपावली पर्व 24 नवंबर 2026 को देखते हुए नगर निगम और नमामि गंगे पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद हैं।
घाटों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज या अतिक्रमण जैसी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की योजना बनाई गई है। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घाटों की सफाई की और श्रद्धालुओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई।