विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में घर-घर में हुई छठी मइया की पूजा, मिट्टी के चूल्हे पर बना गुड़-चावल की खीर का प्रसाद

By Sonu SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 12:09 PM (IST)

लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन वाराणसी में खरना श्रद्धापूर्वक मनाया गया। व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर ...और पढ़ें

वाराणसी में खरना पर छठी मइया की पूजा, घरों की छतों पर भी आस्था का अद्भुत नजारा।

वाराणसी में खरना पर छठी मइया की पूजा, घरों की छतों पर भी आस्था का अद्भुत नजारा।

HighLights

  1. खरना पर गुड़-चावल की खीर का प्रसाद तैयार किया गया।

  2. व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया।

  3. कई घरों की छतों पर भी छठ पूजा की तैयारी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही व्रती महिलाओं के घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। घरों में पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर नए गुड़ और नए चावल की खीर तैयार की गई।

इसके साथ गेहूं के आटे की रोटी बनाई गई। शाम को छठी मइया की पूजा-अर्चना के बाद व्रती महिलाओं ने खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी प्रसाद वितरित किया गया। खरना के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण शुरू हो जाता है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करती हैं।

इस दौरान वे अन्न और जल दोनों का त्याग कर भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करती हैं। रविवार को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। खरना के बाद घरों में ठेकुआ बनाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। गेहूं के आटे, चीनी या नए गुड़ और नारियल के बुरादे से तैयार होने वाला ठेकुआ छठ महापर्व का प्रमुख पारंपरिक प्रसाद है।

व्रती महिलाएं पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ इसे तैयार करती हैं। इसके अलावा पूजा के लिए फल, गन्ना, नारियल, सूप और दउरा सहित अन्य सामग्री भी जुटाई जा रही है। महापर्व की एक खास तस्वीर शहर के कई घरों की छतों पर भी देखने को मिल रही है। जिन परिवारों के आसपास तालाब, पोखरा या नदी तक पहुंचना संभव नहीं है, वे अपनी छतों पर ही वेदी बनाकर छठी मइया की पूजा की तैयारी कर रहे हैं। कई घरों में प्लास्टिक के बड़े टब में पानी भरकर अस्थायी जलकुंड बनाया गया है।

व्रती महिलाएं इसी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। यह दृश्य 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' की कहावत को चरितार्थ करता नजर आ रहा है। साधनों की सीमित उपलब्धता के बावजूद श्रद्धा और आस्था में कोई कमी नहीं है। घरों की छतों पर बन रही वेदियां और पूजा की तैयारियां छठ महापर्व की लोक परंपरा, समर्पण और अटूट विश्वास की सुंदर तस्वीर पेश कर रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।