विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने काशी में मांगी 15 एकड़ जमीन, CM योगी को लिखा पत्र

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:54 PM (GMT+05:30)

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने काशी में दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं के लिए एक विशाल परिसर बनाने हेतु यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से भूमि मांगी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू

सीएम योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू

HighLights

  1. चंद्रबाबू नायडू ने काशी में भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

  2. दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं के लिए विशाल परिसर का निर्माण होगा।

  3. गुरुकुल, मंदिर, अतिथि गृह जैसी सुविधाएं होंगी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी और दक्षिण भारत के बीच के सदियों पुराने आत्मीय व आध्यात्मिक संबंध आने वाले दिनों में और अधिक प्रगाढ़ होने जा रहे हैं। काशी में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नया विस्तार देने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर काशी में भूमि उपलब्ध कराने आग्रह किया है।

आंध्र प्रदेश सरकार का उद्देश्य काशी में दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं व तीर्थ यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के साथ ही सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और अध्ययन का प्रमुख केंद्र बनाने की है। मां गंगा के पावन तट पर भव्य और आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल परिसर के निर्माण की इच्छा जाहिर की है।

इस प्रस्तावित परिसर में प्राचीन गुरुकुल पद्धति पर आधारित एक बड़ा आश्रम, भव्य मंदिर, श्रद्धालुओं के लिए सर्वसुविधायुक्त अतिथि गृह, विशाल भोजशाला तथा धार्मिक अनुष्ठानों के लिए हवन-यज्ञ स्थल का निर्माण कराया जाएगा। योगी सरकार ने पत्र का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को उपयुक्त जमीन की पहचान करने और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है।

एक सप्ताह के अंदर तैयार होगी जमीन की उपलब्धता की रिपोर्ट

शासन के आदेश मिलते ही जिला प्रशासन गंगा किनारे लगभग 15 एकड़ जमीन की खोज में जुट गया है। शहर की तीनों तहसीलों को अपनी सीमाओं में उपलब्ध उपयुक्त भूमि का गहन मूल्यांकन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।

जमीन की प्रक्रिया पूरी होते ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। इस परिसर के निर्माण से दक्षिण भारत से काशी आने वाले श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव होगा साथ ही उत्तर भारत के श्रद्धालुओं को भी काशी में ही दक्षिण भारत की संस्कृति और धार्मिक क्रियाकलापों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

जिला प्रशासन की मानें तो एक सप्ताह के अंदर जमीन की उपलब्धता की रिपोर्ट तैयार कर शासन को उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार आंध्र प्रदेश सरकार से आगे की प्रक्रिया पूर्ण कराएगी।

यह भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ धाम ने जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को भेजे उपहार, मजबूत हुई काशी-मथुरा की आध्यात्मिक परंपरा

ये बनाने का इच्छा

  • गुरुकुल पद्धति का आश्रम
  • भव्य मंदिर कॉम्पलेक्स
  • आवासीय परिसर
  • हवन, यज्ञशाला
  • प्रसाद कक्ष, अन्न क्षेत्र
  • गोशाला


शासन से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के पत्र का हवाला देते हुए गंगा किनारे 15 एकड़ जमीन की उपलब्धता को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। तहसीलों के दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। अभी जमीन चिह्नित नहीं हुई है।

                                                                               सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी