वाराणसी के चांदपुर ट्रांसपोर्ट एरिया में ईंट से कूच कर गार्ड की हत्या, आरोपित मौके से फरार
वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर ट्रांसपोर्ट एरिया में गार्ड अकबर अली को सोमवार रात बदमाश लालू यादव ने ईंट से कूचकर मार डाला।
वाराणसी, जेएनएन। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर ट्रांसपोर्ट एरिया में गार्ड अकबर अली को सोमवार रात बदमाश लालू यादव ने ईंट से कूचकर गंभीर रुप से घायल कर दिया। पुलिस ने अकबर को चांदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात में उपचार के दौरान मौत हो गई। जक्खिनी निवासी अकबर अली चांदपुर के स्थित ट्रांसपोर्ट एरिया स्थित प्रधान सिक्योरिटी में काम करते थे। उनकी ड्यूटी सिक्योरिटी कंपनी द्वारा ट्रांसपोर्ट एरिया में रखवाली के लिए लगाई गई थी।
सोमवार रात नशे में धुत लालू यादव ने वहां खड़ी चार पहिया गाडिय़ों के शीशों पर पथराव कर कई गाडिय़ों के शीशे तोड़ दिए। इसका विरोध गार्ड अकबर अली ने किया तो नशे में घुत लालू ने गार्ड की ईंट से पिटाई कर सिर में गंभीर वार कर दिया। अत्यधिक खून बहने से गार्ड अचेत होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीयजनों की सूचना पर पहुंची मंडुआडीह पुलिस ने गार्ड अकबर अली को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मडुआडीह महेंद्र राम प्रजापति ने बताया कि आरोपित लालू यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही है।
करंट से किसान व किशोर झुलसे, बैल मरा
चोलापुर इलाके रौना खुर्द गांव के एक खेत में टूटकर गिरे 440 वोल्ट के जर्जर तार की चपेट में आकर किसान व किशोर झुलस गए वहीं बैल की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सुबह गांव निवासी किसान रामचंद्र यादव (65) पौत्र ऋषभ यादव (15) के साथ खेत की जोताई कर रहे थे। काम खत्म कर वापस लौटते समय अचानक 440 वोल्ट का तार खेत में टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में रामचंद्र, ऋषभ यादव और एक बैल आ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान दौड़े और डंडे से तार को हटाया। तब तक बैल की मौत हो गई थी। ग्रामीण दोनों घायलों को अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध किसान को चिकित्सकों ने घर भेज दिया। ऋषभ का इलाज वाराणसी के निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर है।