वाराणसी में जेल से रिहाई के बाद काफिला निकालकर रील बनाने वालों का चालान
हत्या के प्रयास में जमानत पर छूटे दो युवकों ने वाराणसी में काफिला निकालकर भड़काऊ रील बनाई और इंटरनेट पर प्रसारित की। सारनाथ पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों के खिलाफ शांति भंग में चालान की कार्रवाई की।

वाराणसी में जेल से छूटकर काफिला निकालने और रील बनाने वालों पर पुलिस का एक्शन।
HighLights
जमानत पर छूटे युवकों ने काफिला निकालकर रील बनाई।
रील में भड़काऊ बयान दिए, इंटरनेट पर प्रसारित किया।
सारनाथ पुलिस ने शांति भंग में चालान किया।
जासं, वाराणसी। हत्या के प्रयास के आरोप में जेल से जमानत पर छूटने के बाद दो युवकों ने काफिला निकाला था। चलती हुई कार से सिर बाहर निकाल कर रील बनाकर इंटरनेट पर प्रसारित किया था। इस दौरान दोनों ने भड़काऊ बयान भी दिए थे। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था।
मामले का संज्ञान लेकर सारनाथ पुलिस ने दोनों को शांति भंग में चालान कर दिया। बता दें कि बीफार्मा के छात्र दीपेंद्र यादव से 29 सितंबर को अकथा निवासी प्रिंस यादव एवं आर्यन यादव ने पांच हजार की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर दोनों ने दीपेंद्र यादव से 15 सौ रुपये छीनकर उसका आई फोन तोड़ दिया था।
इसके बाद जान से मारने की नीयत से दीपेंद्र के सिर पर ईंट से प्रहार किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया। दोनों जब जमानत पर जेल से छुटे तो उन्होंने भड़काऊ रील बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया था।