महिला हिंसा विरोधी पदयात्रा के तीसरे दिन महिला हिंसा के खिलाफ मिर्जामुराद थाने पर किया प्रदर्शन
महिला हिंसा विरोधी पदयात्रा तीसरे दिन करीब 25 गांवों से होते हुए शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंची।
वाराणसी, जेएनएन। महिला हिंसा विरोधी पदयात्रा तीसरे दिन करीब 25 गांवों से होते हुए शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंची। थाने के सामने पदयात्रा करने वालों ने दुष्कर्म के खिलाफ खड़े होकर प्रदर्शन किया। सभी पदयात्रियों ने थाने के मुख्यद्वार पर पहुंचकर दुष्कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करने को लेकर जमकर नारेबाजी किया। गौरतलब हो कि दो दिन पहले ही मिर्जामुराद थाने के अंतर्गत तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दुष्कर्म के मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। लोक समिति, एशियन ब्रीज इंडिया, ग्राम्या संस्थान, मैसवा, एक साथ अभियान और ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में महिला हिंसा के खिलाफ निकाली गयी पांच दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पदयात्रा के तीसरे दिन कल्लीपुर, गनेशपुर, करधना, अमीनी, अदमा, मिर्जामुराद, चक्रपानपुर आदि गांवों में पहुंचा जहां लोगों ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान गांव में नुक्कड़ सभा, रैली, हस्ताक्षर अभियान आदि के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हो रही हिंसा, छेड़खानी, दुष्कर्म को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध की खबरें रोजाना सुर्खियों में आती रहती हैं। महिलाओं के साथ- साथ बच्चियों और बुजुर्ग महिलाओं के साथ बलात्कार की खबरें मानवता को शर्मसार करती हैं।