देव दीपावली पर बजड़ों और क्रूज का रेट आसमान पर, जान लें कीमतों की असली कहानी
देव दीपावली पर वाराणसी में मोटर बोट, बजड़े और क्रूज की मांग चरम पर है, जिससे इनकी कीमतें 2,500 से 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंच गई हैं। गंगा के बीच से घाटों की जगमगाहट देखने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ है, और अधिकांश बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी हैं, जिससे पर्यटन कारोबार में उत्साह है।

देव दीपावली वाराणसी में नावों और क्रूज का किराया आसमान पर।
HighLights
देव दीपावली पर नाव, बजड़े, क्रूज की भारी मांग।
किराया 2,500 से 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंचा।
गंगा के बीच से घाटों का नजारा देखने को भीड़।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली पर मोटर बोट-बजड़े व क्रूज का कारोबार इस बार नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। गंगा घाटों पर दीपों की जगमगाहट देखने के लिए पर्यटक सिर्फ किनारों पर जगह नहीं तलाश रहे, बल्कि गंगा के बीच से इस नजारे को निहारने के लिए मोटर बोट, बजड़ों और क्रूज की बुकिंग करा रहे हैं।
मांग इतनी अधिक है कि मोटर बोट से लेकर बड़े बजड़ों तक की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए इस बार 15 नए क्रूज भी वाराणसी पहुंच गए हैं। टिकट की कीमत 2,500 रुपये से शुरू होकर 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंच गई है। पर्यटक अपनी संख्या और बजट के हिसाब से छोटी मोटर बोट से लेकर बड़े बजड़ों और क्रूज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बजड़ों की मांग अधिक है। इन पर बैठकर परिवार के साथ गंगा के बीच से घाटों की सजी छटा देखने का अलग अनुभव मिलता है। पर्यटकों को अलग-अलग सुविधाओं और बजट के विकल्प दिए जा रहे हैं। नाव और बजड़ों के साथ होटलों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ होगी।
वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष सुभाष कपूर ने बताया कि इस बार देव दीपावली पर पर्यटन कारोबार बेहद उत्साहजनक है। सचिव सौरभ पांडेय ने बताया कि देव दीपावली के चलते गंगा में 15 नए क्रूज पहुंचे हैं। मोटर बोट, बजड़ों और क्रूज की बुकिंग पर्यटक अपने बजट के अनुसार करा रहे हैं। टिकट 2,500 से 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक है। लगभग सभी प्रमुख क्रूज और नावों की बुकिंग पूरी हो चुकी है।