अब बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कर सकेंगे बातचीत, BSNL लाया सैटेलाइट फोन; क्या होगी कीमत?
बीएसएनएल ने आम उपभोक्ताओं के लिए सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जिससे मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी बातचीत और एसएमएस संभव होंगे।

बीएसएनएल का सैटेलाइट फोन।
HighLights
मोबाइल नेटवर्क के बिना भी बातचीत संभव।
सेना के बाद अब आम उपभोक्ताओं के लिए।
आपदा प्रबंधन, दुर्गम क्षेत्रों में उपयोगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मोबाइल टावर से दूर दुर्गम इलाकों में संचार की सुविधा देने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने सैटेलाइट फोन आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराया है। इस फोन से मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी बातचीत और एसएमएस किए जा सकेंगे। अब तक यह सुविधा मुख्य रूप से सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तक सीमित थी।
इनमारसैट फोन का इस्तेमाल आपदा प्रबंधन, रक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों, समुद्री अभियानों और खनन जैसे कार्यों में होता है। इस सुविधा के लिए पहले साल में सरकारी और आम उपभोक्ताओं को 2.16 लाख रुपये से अधिक खर्च करने होंगे।
बीएसएनएल के इस सैटेलाइट फोन की कीमत 1,12,200 रुपये है। इस पर 20,196 रुपये जीएसटी मिलाकर कुल कीमत 1,32,396 रुपये होती है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के लिए 1,180 रुपये और सिम एक्टिवेशन के लिए 590 रुपये देने होंगे। एक साल के प्रीपेड प्लान का शुल्क 82,579 रुपये है। इस तरह पहले वर्ष का कुल खर्च 2,16,745 रुपये होगा। इसके बाद दूसरे साल से मासिक प्लान के लिए 4,503 रुपये देने होंगे।
सरकारी कार्य के लिए काल की दर 18 रुपये प्रति मिनट, जबकि निजी या व्यावसायिक के लिए 25 रुपये प्रति मिनट है। यह फोन मोबाइल बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) टावर के बजाय सीधे सैटेलाइट से जुड़कर काम करता है। आपात स्थिति में मदद के लिए फोन में एसओएस बटन की सुविधा है। इसके संचालन के लिए खुले स्थान की जरूरत होती है।
विमान में फोन इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। हवाई यात्रा में साथ ले जाने के लिए बीएसएनएल से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना होगा। फोन उन्नत तकनीक और अधिक बैटरी बैकअप के साथ उपलब्ध है।
12 आवेदन आए, दो को मिला फोन
बीएसएनएल के जनसंपर्क अधिकारी अनीश कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 12 आवेदन आए हैं और दो लोगों को फोन दिया जा चुका है। इनमें चंदौली के एक सरकारी कर्मचारी और वाराणसी के एक उद्यमी शामिल हैं। इच्छुक उपभोक्ता बीएसएनएल के शिवपुरवां स्थित एंटरप्राइज बिजनेस विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
