काशी-तमिल का रिश्ता सदियों पुराना, भारत की एकता का प्रमाण: गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीएचयू में प्रदर्शनी का अवलोकन किया और काशी-तमिलनाडु संबंधों को भारत की एकता का प्रमाण बताया। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष से स्पष्टीकरण मांगा और परिसीमन को संवैधानिक आवश्यकता बताया।

गजेंद्र शेखावत: काशी-तमिल संबंध भारत की एकता का प्रतीक, महिला आरक्षण पर विपक्ष घेरा।
HighLights
शेखावत ने बीएचयू में स्टूडेंट-फैकल्टी बिनाले का अवलोकन किया।
काशी-तमिलनाडु संबंध भारत की सदियों पुरानी एकता दर्शाते हैं।
महिला आरक्षण और परिसीमन को संवैधानिक आवश्यकता बताया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित स्टूडेंट-फैकल्टी बिनाले-2026 का अवलोकन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाई गईं स्वतंत्रता आंदोलन और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी करीब 300 दुर्लभ तस्वीरों को देखा। उन्होंने क्रांतिकारियों और महापुरुषों के हस्ताक्षरों, प्रमुख राजनेताओं के चित्रों और उनके ऐतिहासिक पत्रों का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भारत की एकता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना की चर्चा करते हैं, वह भारत में सदियों से स्थापित रही है।
शेखावत ने कहा कि कुछ लोग यह नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करते हैं कि मुगलों या अंग्रेजों के आने से पहले भारत एक देश और एक स्वरूप में नहीं था। जबकि काशी और तमिलनाडु के संबंध, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, केरल से निकलकर सोमनाथ तक आदि शंकराचार्य की यात्रा और कुंभ जैसे आयोजन इस बात के स्पष्ट प्रमाण हैं कि भारत प्राचीन काल से ही एक था और श्रेष्ठ भी था।
महिला आरक्षण पर विपक्ष से मांगा स्पष्ट जवाब
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी संस्थाओं में अधिक अधिकार देने के पक्ष में है या नहीं। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि मातृशक्ति को उसका अधिकार दिलाया जाए। इसके रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर कर महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए सरकार काम करेगी।
परिसीमन संवैधानिक जरूरत, होगा लागू
परिसीमन के सवाल पर शेखावत ने कहा कि विधायी और संवैधानिक दृष्टि से परिसीमन आवश्यक है। इसे केवल स्वतंत्र परिसीमन आयोग ही तय कर सकता है। महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी परिसीमन संवैधानिक आवश्यकता है। इसलिए इसे किया जाना जरूरी है और यह होकर रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।