एसआइआर को लेकर लखनऊ में जुटेंगे काशी क्षेत्र के भाजपा के पदाधिकारी
भाजपा आगामी चुनावी चुनौतियों के मद्देनजर मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान को संगठनात्मक स्तर पर मजबूत कर रही है। इसके तहत ...और पढ़ें

मतदाता सूची पुनरीक्षण: भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारी लखनऊ में जुटेंगे।
HighLights
भाजपा मतदाता सूची शुद्धिकरण पर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा रही है।
लखनऊ में 13 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
काशी क्षेत्र के पदाधिकारी मतदाता सूची त्रुटियां सुधारने को प्रशिक्षित होंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आगामी चुनावी चुनौतियों और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए पार्टी ने इसे बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक समन्वय और जिम्मेदारी से जोड़ने की तैयारी की है।
मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने, सूची में दर्ज त्रुटियों को दुरुस्त कराने तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाने के उद्देश्य से भाजपा अब अपने पदाधिकारियों और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित करने जा रही है। इसी कड़ी में 13 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा काशी क्षेत्र के रोहनिया कार्यालय में बैठक हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल होना और सूची का त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।
ऐसे में पार्टी के सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता, सजगता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला मतदाता सूची प्रमुख, विधानसभा मतदाता सूची प्रमुख (बीएलए-1), प्रदेश व क्षेत्रीय आइटी संयोजकों भाग लेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को लेकर संगठन के विभिन्न स्तरों पर एकरूपता और प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, उत्तम ओझा, अनूप जायसवाल, विद्याधर तिवारी, अजीत रावत, कविता पटेल, मधुकर चित्रांश, शैलेंद्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।