काशी-गोरक्ष की 133 सीटों पर किला मजबूत करने में जुटी बीजेपी, वाराणसी में दो दिवसीय महामंथन
भाजपा काशी में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए दो दिवसीय मंथन कर रही है, जिसका लक्ष्य पूर्वांचल में अपनी पकड़ मजबूत करना है।

विनोद तावड़े और बीएल संतोष। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
काशी में भाजपा का 2027 विधानसभा चुनाव हेतु दो दिवसीय मंथन।
पूर्वांचल की 133 विधानसभा सीटों पर बनेगी विशेष रणनीति।
सपा की आक्रामकता रोकने और वापसी पर जोर।
अशोक सिंह, वाराणसी। राजनीतिक गलियारों से लेकर चट्टी-चौराहों तक यह चर्चा खूब होती है कि उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता पूर्वांचल से होकर गुजरता है। इसी पूर्वी अंचल में भाजपा के काशी और गोरक्ष क्षेत्र आते हैं।
2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा इस क्षेत्र में ही मानी जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने इस क्षेत्र में मजबूत पकड़ साबित की थी। आजमगढ़ की सभी सीटों पर उसके प्रत्याशियों की जीत हुई थी।
कई अन्य जिलों में भी उसने सीटों में बढ़त हासिल की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा पिछड़ गई। इन्हीं चुनावी समीकरणों के कील-कांटें दुरुस्त कर भाजपा काशी क्षेत्र में मजबूत वापसी की जुगत में जुटी है।
133 सीटों पर तैयार होगी रणनीति
इस निमित्त ही 14-15 अक्टूबर को भाजपा ने काशी और गोरक्ष क्षेत्र की 133 विधानसभा सीटों से जुड़े 266 पदाधिकारियों, प्रभारियों व विस्तारकों का प्रशिक्षण शिविर काशी में आयोजित किया है।
इसमें राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उन्हें सुनेंगे और अपनी बात रखेंगे। इसमें प्रत्येक विधानसभा सीट की कमजोरियों व मजबूती के साथ वहां के चुनावी समीकरण पर भी चर्चा होगी।
पिछले लोकसभा चुनाव में वाराणसी के कई विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के वोटों में कमी आई थी। पिंडरा, अजगरा, शिवपुर विधानसभा सीटों पर कम वोट मिलने के कारण भाजपा लोकसभा की चंदौली और मछली शहर सीटें हार गई। सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, घोसी, सलेमपुर आदि सीटों पर भी उसे हार मिली।
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गोरक्ष क्षेत्र के गोरखपुर और बस्ती मंडल की 41 सीटों पर बेहतर प्रदर्शन किया था। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, संतकबीरनगर की सभी और महराजगंज की पांच सीटें जीतकर गोरक्ष क्षेत्र में उसने बढ़त बनाई थी। हालांकि, उसके दूसरे हिस्से आजमगढ़ जिले की सभी 10 सीटों पर उसे हार मिली थी। बलिया व मऊ की ज्यादातर सीटें भी हार गई।
अलबत्ता काशी व गोरक्ष क्षेत्र में भाजपा के सहयोगी दलों अपना दल, निषाद पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इन दलों ने मीरजापुर, भदोही, जौनपुर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर में सफलता हासिल की थी। अब फिर विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा काशी क्षेत्र में सपा की आक्रमकता को रोकने के लिए मजबूत रणनीति के साथ उतरने की तैयारी कर रही है।
वाराणसी, आजमगढ़ व मीरजापुर मंडल में बराबरी का था मुकाबला
विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में भले स्पष्ट जनादेश प्राप्त कर लिया, लेकिन पूर्वांचल के तीन मंडलों वाराणसी, मीरजापुर और आजमगढ़ सहित 10 जिलों में मुकाबला लगभग बराबरी का रहा। भाजपा और उसके गठबंधन ने जहां 29 सीटों पर विजय हासिल की तो समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन ने 31 सीटों पर विजय हासिल की। 2017 की मोदी लहर में भाजपा ने सपा का सफाया करते हुए भारी जीत दर्ज करते हुए इस क्षेत्र में 41 सीटें जीती थी। इस बार पार्टी का जोर जीत का लक्ष्य के साथ उससे आगे जाने का है।
2022 में जीत का विवरण
| दल | काशी क्षेत्र | गोरक्ष क्षेत्र | कुल |
|---|---|---|---|
| एनडीए | 41 | 40 | 81 |
| सपा गठबंधन | 30 | 20 | 50 |
| बसपा | 00 | 01 | |
| कांग्रेस | 00 | 01 | 01 |
| कुल | 71 | 62 | 133 |
यह भी पढ़ें- CM Yogi का दो दिवसीय काशी दौरा आज: MLC प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा, एयर शो की समीक्षा बैठक करेंगे
