भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय बोले- 'कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा'
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। उन्होंने कहाकि हमारी पार्टी अनुशासन पर ज्यादा भरोसा करती है लेकिन कोई जानबूझ कर अपमान करे तो उसे जवाब पूरा मिलेगा।
आजमगढ़, जेएनएन। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय ने कहाकि कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। उन्होंने कहाकि हमारी पार्टी अनुशासन पर ज्यादा भरोसा करती है, लेकिन कोई जानबूझ कर अपमान करे तो उसे जवाब पूरा मिलेगा। कार्यकर्ता संगठन की अमानत हैं।
सहजानंद रॉय पुलिस क्षेत्राधिकारी सगड़ी डॉ. राजेश तिवारी के स्थानांतरण को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहाकि सर्किट हाउस में मंत्री की मौजूदगी के दौरान सीओ ने भाजपा जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री की गाड़ी का चालान करने के नाम कर कार्यकर्ताओं को अपमानित किया। किसी भी राजनैतिक दल व सामाजिक कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार करना अच्छी बात नही होती है। कोरोना काल में अधिकारी सराहनीय कार्य कर रहे तो सीओ ने कभी व्यापारियों तो कभी पत्रकारों व जनता को निशाना बनाकर खुद को सुर्खियों में बनाए रखते थे।
सर्किट हाउस में भी उनका कहना कि मेरा क्या बिगाड़ लेगा? संगठन की औकात क्या है? यह मेरे जैसे कार्यकर्ता जो विगत 20 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहा हो, के लिए बर्दाश्त के बाहर था। घटना से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया गया तो वरिष्ठ अधिकारियों पर भी दबाव बनाकर उन्हें यहां से हटवाया गया। भविष्य में भी कोई अधिकारी व कर्मचारी भाजपा या किसी भी राजनैतिक दल व सामाजिक कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार करेगा तो उसे पार्टी व मैं बर्दाश्त नही करूंगा। भाजपा जिला महामंत्री सूरज श्रीवास्तव उपस्थित रहे।