परिवहन घोटाले में भाजपा पार्षदों ने की सीबीसीआईडी जांच की मांग, 12 पार्षदों ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र
नगर निगम परिवहन घोटाले की जांच को लेकर भाजपा के पार्षदों ने भी मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के 12 पार्षदों ने नगर आयुक्त से मिलकर परिवहन घोटाले की सीबीसीआइडी जांच की मांग की है।
वाराणसी, जेएनएन। नगर निगम परिवहन घोटाले की जांच को लेकर भाजपा के पार्षदों ने भी मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के 12 पार्षदों ने नगर आयुक्त से मिलकर परिवहन घोटाले की सीबीसीआइडी जांच की मांग की है। पार्षदों का कहना था कि नगर निगम प्रशासन द्वारा कराए जा रहे जांच में उन्हें भरोसा नहीं है। पार्षदों ने नगर आयुक्त गौरंाग राठी से उनके पत्र को शासन को भेजकर उनकी मंशा से अवगत कराने को कहा है। पार्षदों की मांग पर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन घोटाले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करेगा।
दोपहर में भाजपा के पार्षद राजेश यादव चल्लू के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचे तो उन्हें पता चला कि नगर आयुक्त गौरांग राठी कमांड सेंटर में नगर विकास के संयुक्त सचिव के साथ वीडियों कांफ्रेंसिंग कर रहे हैं। तभी पार्षद इंतजार किए बगैर वहीं पहुंच गए। उन्होंने पार्षदों से नगर निगम में मुलाकात करने को कहा। कुछ देर में नगर निगम पहुंचे नगर आयुक्त से पार्षदों ने सीबीसीआइडी जांच की मांग की तो वे चौंक गए। नगर आयुक्त का कहना था कि निगम प्रशासन इस मामले की जांच करवा रहा है। दस दिन में रिपोर्ट भी आ जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर पार्षदों का कहना था कि नगर निगम के जांच से उन्हें संतुष्टि नहीं है। इसलिए वो सीबीसीआईडी जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना था कि अखबारों में जो रिपोर्ट छप रही है उससे पार्षदों के साथ पार्टी की भी छवि खराब हो रही है। इससे समाज में ठीक संदेश नहीं जा रहा है। नगर आयुक्त से मिलने वालों में कुंवर कांत सिंह, चंद्र नाथ मुखर्जी, संजय गुप्ता, लकी वर्मा, इंद्रदेव पटवा, शिव प्रकाश मौर्या, रोहित जायसवाल, विजय सोनकर, पार्षद पति रोहित मौर्या और सिंधु सोनकर आदि उपस्थित थे।
पहले से चल रही दो जांच
नगर आयुक्त गौरांग राठी द्वारा गठित दो समिति में से एक ने रिपोर्ट दे दी है। जिसमें हर स्तर पर गड़बड़ी पाई गई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर आयुक्त ने कार्रवाई भी की है। रिपोर्ट आने के बाद नगर आयुक्त ने दूसरी कमेटी गठित की है जो तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट देगी। यह समिति इस महीने के अंत में रिपोर्ट देगी। दूसरी समिति शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सीडीओ के नेतृत्व में गठित की है।