वाराणसी में डीसीएम की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल
वाराणसी के बाबतपुर बाजार में दो बाइकों की टक्कर के बाद पीछे से आ रही डीसीएम की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, डीसीएम की चपेट में आने से युवक की मौत।
HighLights
बाबतपुर बाजार में दो बाइकों की आपस में टक्कर हुई।
डीसीएम की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत।
दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, (बड़ागांव) वाराणसी। बाबतपुर बाजार स्थित होटल एसजे इन के पास मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे काजीसराय स्थित लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के ताड़ी बाजार निवासी विष्णु गुप्ता (20) बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। बाबतपुर बाजार के पास उनकी बाइक की वीरापट्टी निवासी जगदीश पटेल (50) की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही आयशर डीसीएम की चपेट में आने से विष्णु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। मृतक तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा तथा अविवाहित था। वह जनरल स्टोर की दुकान चलाता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।