भदोही के ज्ञानपुर ब्लाक प्रमुख व उनकी पत्नी को विधायक विजय मिश्र से जान का खतरा
ब्लाक प्रमुख ज्ञानपुर मनीष मिश्र व उनकी पत्नी को ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र से जान का खतरा है।
भदोही, जेएनएन। ब्लाक प्रमुख ज्ञानपुर मनीष मिश्र को ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र से जान का खतरा है। गोपीगंज स्थित ब्लाक आफिस में गुरुवार को शाम प्रेस कान्फ्रेंस कर ब्लाक प्रमुख और उनकी पत्नी बिंदु मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाये। मनीष ने कहा कि शूटरों से संबंध की पुष्टि होने पर वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। विधायक द्वारा उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
पत्रकारों को बताया कि ज्ञानपुर विधायक द्वारा अवैध हथियार, मादक पदार्थ तथा दुष्कर्म में फंसाने की कोशिश की जा रही है। आरोप लगाया कि 2018 में उनके बेटे के साथ इब्राहिमपुर घाट पर पार्टनर बन खनन में पैसा लगाया था। एचडीएफसी से गोल्ड लोन लेकर पैसा दिया था। उनके बेटे के खाते में पैसा आरटीजीएस किया था। तीन माह बाद जब लाभ हुआ तो उन्होंने मुझे मूलधन देकर पार्टनर से हटा दिया। वह गृहमंत्री को पत्र भेजकर मुख्तार अंसारी, हनुमान पांडेय, नीरज सिंह जैसे अपराधियों से मेरा संबंध होने का दावा किया है। वह आरोप निराधार है। यदि उनके संबंध का सबूत मिल जाए तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। विजय मिश्र का खुद मुख्तार अंसारी से संबंध रहा है। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर रुंगटा, सूर्यमणि हत्याकांड व नंदी प्रकरण में भी उनका नाम दिलीप मिश्र और मुख्तार अंसारी के साथ रहा है। उनके साजिश पर ही अजय शुक्ला, पूर्व कैबिनेट मंत्री रंगनाथ मिश्रा व भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी के ऊपर भी फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुख्यमंत्री और डीजीपी से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे
सीसीटीवी के होर्डिंग्स को नष्ट करा दिया गया है। 14 जून के पहले का होर्डिंग निकाल लिया जाए तो पता चलेगा कि कितने अपराधी उनके नवधन स्थित आवास पर ठहरते थे। आवास पर अत्याधुनिक हथियार और बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ रखा गया था। पुलिस को साजिश में लेकर उसमें आग लगाकर नष्ट करा दिया गया। पुलिस मेरी हत्या कराना चाहती है। मुख्यमंत्री और डीजीपी से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।
- विजय मिश्र, विधायक, ज्ञानपुर