वाराणसी में नरसड़ा में बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर शुरू, किसानों को मिले कुदरत-9 के बीज
वाराणसी के नरसड़ा गांव में कृषक उत्पादक एवं औद्योगिक विपणन सहकारी समिति ने बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इस केंद्र पर किसानों को कुदरत-9 गेहूं के बीज निःशुल्क दिए गए और कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत खेती के गुर सिखाए।

वाराणसी में बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर का शुभारंभ, किसानों को मिले कुदरत-9 गेहूं के उन्नत बीज।
HighLights
नरसड़ा गांव में बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर का उद्घाटन।
किसानों को कुदरत-9 गेहूं के बीज निःशुल्क वितरित।
प्राकृतिक खेती और फसल सुरक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कृषक उत्पादक एवं औद्योगिक विपणन सहकारी समिति के तत्वावधान में आराजीलाइन विकास खंड के नरसड़ा गांव में बेटर लाइफ फार्मिंग सेंटर शुरू हुआ। शनिवार को ऋषि प्रकाश सिंह ने इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों को कुदरत-9 गेहूं के बीज निश्शुल्क दिए गए और कृषि में योगदान के लिए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काशी प्रांत के गौ सेवा प्रमुख अरविंद सिंह ने उन्नत और गौ आधारित प्राकृतिक खेती के सुझाव दिए। बायर कंपनी के महेश मौर्य ने फसल रोगों और कीट नियंत्रण की जानकारी दी, जबकि मनीष मिश्रा ने कीटनाशक छिड़काव के दौरान सुरक्षा साधनों के उपयोग पर जोर दिया। कुदरत-9 गेहूं की बौनी किस्म है।
फसल लगभग 120 दिनों में तैयार होती है और उत्पादन क्षमता 25 से 30 क्विंटल प्रति एकड़ है। बुआई का उपयुक्त समय नवंबर से दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक है। समिति अध्यक्ष सर्वेश्वर नारायण सिंह और सचिव अनुप सिंह ने कहा कि सेंटर किसानों को बीज, तकनीक और मार्गदर्शन देगा।