विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेल्जियम से आए पर्यटक दल ने वाराणसी में गंगा घाट पर देखी डॉल्फिन की अठखेलियां, कैमरे में कैद किए यादगार पल

Published: Thu, 05 Nov 2026 05:15 PM (IST)

बेल्जियम से आए सात पर्यटकों ने वाराणसी के ढकवा स्थित गौरीशंकर महादेव गंगा घाट पर गंगा डॉल्फिन की अठखेलियां देखीं। पर्यटकों ने इस मनमोहक दृश्य का आनंद लिया।

गंगा में डॉल्फिन की अठखेलियां देख रोमांचित हुए बेल्जियम के पर्यटक।

गंगा में डॉल्फिन की अठखेलियां देख रोमांचित हुए बेल्जियम के पर्यटक।

HighLights

  1. बेल्जियम से सात पर्यटक गंगा डॉल्फिन देखने वाराणसी पहुंचे।

  2. पर्यटकों ने डॉल्फिन की अठखेलियां देख यादगार पल कैद किए।

  3. गंगा की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता की सराहना की।

जागरण संवाददाता, चौबेपुर। गंगा की लहरों के बीच अठखेलियां करती डॉल्फिन और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता बुधवार को बेल्जियम से आए सात पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही। क्षेत्र के ढकवा स्थित गौरीशंकर महादेव गंगा घाट पर पहुंचे विदेशी मेहमानों ने गंगा में डॉल्फिन को उछलते और पानी की सतह पर अठखेलियां करते देखा तो रोमांचित हो उठे। उन्होंने काफी देर तक इस मनमोहक नजारे का आनंद लिया और अपने कैमरों में इन यादगार पलों को कैद किया।

बेल्जियम से आए पर्यटकों में लिज़ा लोह, जोहान, कैथरीना, हंस और एवलिन सहित सात लोग शामिल थे। गंगा की लहरों के बीच कभी अचानक दिखाई देती तो कभी गहराई में ओझल हो जाती डॉल्फिन को देखकर पर्यटक खासे उत्साहित नजर आए। सभी ने गंगा के शांत वातावरण, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जैव विविधता की जमकर सराहना की।

लिजा लोह ने गंगा में डॉल्फिन का दीदार बेहद खूबसूरत अनुभव बताया। जोहान ने कहा कि गंगा की प्राकृतिक सुंदरता और डॉल्फिन की उछल-कूद ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कैथरीना ने इसे भारत यात्रा का रोमांचक अनुभव बताया। हँस और एवलिन ने भी गंगा के शांत वातावरण और काशी की प्राकृतिक विरासत की प्रशंसा की।

गौरतलब है कि गंगा में पाई जाने वाली गंगा नदी डॉल्फिन भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है। इसका संरक्षण नदी की स्वच्छता और जलीय जैव विविधता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

ढकवा के गौरीशंकर महादेव घाट पर डॉल्फिन के दीदार के लिए पहुंचे विदेशी पर्यटकों ने यह भी दर्शाया कि गंगा की पहचान केवल धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं, बल्कि इसकी प्राकृतिक संपदा भी देश-विदेश के लोगों को आकर्षित करती है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का डिजिटल एक्शन प्लान तैयार, पुलिस से अदालत तक एक क्लिक पर जुड़ेगी न्याय व्यवस्था



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।