ई हौ रजा बनारस! जान बचाना है तो बचाकर दिखाइए, साकेत नगर में गड्ढा नहीं भर पाए तो कर दी बैरिकेडिंग
वाराणसी में बारिश के बाद निचले इलाकों, खासकर साकेत नगर में जलभराव और सीवर की समस्या गंभीर है। प्रशासन के ...और पढ़ें

वाराणसी में मानसून की मार, साकेत नगर में जलभराव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी।
HighLights
निचले इलाकों में जलभराव और मलजल की गंभीर समस्या।
साकेत नगर में गड्ढों को भरने की बजाय बैरिकेडिंग।
बारिश ने खोली नगर निगम और प्रशासन के दावों की पोल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। निगम और जिला प्रशासन के दावे शहर के निचले इलाकों में भरे पानी और मजलल के साथ गड्ढाें में डूबते उतराते आपको सहज नजर आ जाएंगे। बरसात से पहले खजाने का मुंह खोलकर सीवर, नालों और गड्ढाें की सफाई की गई। दावे थे कि बरसात सुखद गुजरेगी लेकिन जैसे जैसे बरसात बढ़ी दावे बारिश के पानी में डूबने उतराने लगे।
पैसे कहां लगे, किस तरह लगे, कहां खर्चा हुआ बस सिर्फ चर्चा ही शेष है जबकि पानी लगना था तो लग रहा है और जल निकासी के दावे जहां तहां व्यवस्था और विभाग की कलई खोल रहे हैं। नजीर देखनी हो तो शहर के वीआइपी क्षेत्रों में शुमार साकेत नगर का रुख कर सकते हैं। यहां गली मोहल्लों में पानी है कि निकलने का नाम नहीं ले रहा है। मलजल के बीच से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है। बरसात शुरू होते ही घुटनों तक भरा पानी काशी के विकास को आइना दिखाता नजर आएगा।
यह भी पढ़ें : हरी मटर ने वाराणसी की पहड़िया मंडी में दे दी दस्तक, 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक है बाजार भाव
भारी बारिश और सड़कों पर पानी भरने के साथ ही गड्ढाें को भरने या ढक्कन लगाने के दावों को जमीन पर परखें तो कई मुहाने आज जानलेवा नजर आते हैं। साकेत नजर में ही गड्ढा होने की वजह से उसे भरने के बजाय बांस बल्ली लगाकर घेर दिया है। इसे बंदर हटा दे या कोई पशु या किसी गाड़ी से टकराकर पानी में डूब जाए तो हादसा होना तय है। निराकरण की राह में बांस बल्ली का घेरा ही जान बचाने का एकमात्र जरिया है। जबकि दावे बरसात से पहले के दो थे वह स्मार्ट सिटी की राह पर चल रहे काशी की छवि निखारने वाले ही थे।
स्थानीय नागरिक बताते हैं कि विकास के नाम पर सड़कें चमकाते गए, सड़कों पर ऊपर निर्माण होता गया और सड़कें ऊंची होती गईं। जिससे पानी निकासी की समस्या बढ़ी और निचले मोहल्ले पानी में डूबते गए। बरसात में इन क्षेत्रों में बारिश का पानी जमा होने लगा मगर मुख्य मार्ग चमकते देख अधिकारी भी उसी की ब्रांडिंंग में लगे हैं। जबकि मोहल्लों की स्थिति विकास के दावों के बीच पानी में डूबती उतराती नजर आ रही है।
