देवोत्थान एकादशी पर तुलसी विवाह से शुरू हो गया बैंड, बाजा और बरात का दौर
देवशयनी एकादशी के बाद चार माह के चातुर्मास का समापन हरि प्रबोधिनी (देवोत्थान एकादशी) से हो रहा है, जिससे विवाह सहित सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाएंगे। एकादशी पर भगवान विष्णु के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और तुलसी विवाह संपन्न होगा, लेकिन भद्रा के कारण तुलसी विवाह दोपहर 2:25 बजे से पहले करना उचित रहेगा।

चार माह तक चातुर्मास के चलते बंद थे विवाह, गृह, प्रवेश व अन्य मांगलिक कार्य।
HighLights
देवोत्थान एकादशी से चातुर्मास समाप्त, मांगलिक कार्य शुरू।
भगवान विष्णु के मंदिरों में विशेष पूजा और तुलसी विवाह।
भद्रा के कारण तुलसी विवाह दोपहर 2:25 बजे से पहले।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देवशयनी एकादशी के बाद से चार माह तक चले चातुर्मास का समापन कार्तिक शुक्ल एकादशी को हरि प्रबोधिनी (देवोत्थान एकादशी) से शुक्रवार से होगा। भगवान श्रीहरि के योगनिद्रा से जागते ही बैंड, बाजा, बरात यानी विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन जैसे मांगलिक कार्य आरंभ हो जाएंगे।
ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी ने बताया कि कार्तिक शुक्ल एकादशी के साथ पूर्ण होगा। एकादशी तिथि 19-20 नवंबर की देर रात्रि ढाई बजे से आरंभ होकर 20-21 नवंबर की देर रात्रि दो बजकर 18 मिनट तक रहेगी। एकादशी पर भगवान विष्णु के मंदिरों में विशेष सजावट, शृंगार, पूजन- अनुष्ठान और तुलसी विवाह संपन्न होगा।
बताया कि एकादशी के दिन प्रातः स्नान के बाद व्रत रखकर रात्रि में विष्णु सहस्त्रनाम, सुभाषित, विष्णुकथा और पुराणों का श्रवण करते हुए भजन-कीर्तन तथा घंटा, शंख, नगाड़े और वीणा के स्वरों के बीच प्रभु को जगाने का विधान है।
आरंभ होगा पांच दिनी भीष्म पंचक व्रत
एकादशी से लगने वाला भीष्म पंचक व्रत के निमित्त काम-क्रोध आदि त्यागकर ब्रह्मचर्य धारण कर, क्षमा, दया और उदारता युक्त होकर, सोने या चांदी का लक्ष्मी-नारायण की मूर्ति बनवाकर वेदी पर स्थापित कर ऋतु फल, मीठा, गंध, पुष्प, दीप, धूप और नैवेद्यादि से पूजन कर पांच दिनों पर्यंत व्रत या उपवास कर पद्म पुराण का श्रवाणादि करना चाहिए।
पूजन के प्रथम दिन भगवान के हृदय का कमल के पुष्पों से, दूसरे दिन कटिप्रदेश बिल्वपत्रों, तीसरे दिन घुटनों का केतकी पुष्पों से, चौथे दिन चरणों का चमेली के पुष्पों से और पांचवे दिन सम्पूर्ण अंगों का तुलसी के पत्तों से पूजन करें। इससे श्रीहरि व माता लक्ष्मी व्रतियों को सुख-सौभाग्य, वैभव का आशीर्वाद देने के साथ ही वैकुंठ में स्थान देते हैं।
दोपहर 2.25 बजे से भद्रा, इससे पहले करें तुलसी विवाह
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि 20 नवंबर को भद्रा के प्रभाव के चलते तुलसी विवाह दोपहर दो बजकर 25 मिनट से पहले संपन्न करना उपयुक्त रहेगा।