जापान की प्रधानमंत्री के कंधों तक पहुंचा बनारसी कतान, शाही नीले स्टोल से दुनिया में चमकी काशी की बुनकरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को शाही नीले रंग का बनारसी कतान सिल्क स्टोल भेंट कर काशी की बुनकरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। यह उपहार फिलीपींस में भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान दिया गया, जिससे बनारसी वस्त्रों की विशिष्टता और सांस्कृतिक विरासत विश्व पटल पर चमकी।

प्रधानमंत्री मोदी ने जापान की पीएम को भेंट किया बनारसी कतान सिल्क स्टोल काशी की बुनकरी को मिली वैश्विक पहचान।
HighLights
पीएम मोदी ने जापान की पीएम को बनारसी कतान स्टोल भेंट किया।
यह उपहार भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान दिया गया।
काशी की सदियों पुरानी हथकरघा परंपरा को वैश्विक पहचान मिली।
सोनू सिंह, जागरण, वाराणसी। बनारस की बुनकरी का हुनर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को शाही नीले रंग का बनारसी कतान सिल्क स्टोल भेंट कर काशी की सदियों पुरानी हथकरघा परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई है। 17-18 नवंबर को फिलीपींस के मनीला में आयोजित भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान दिए गए इस उपहार ने बनारसी वस्त्रों की विशिष्टता को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।
बनारसी कतान सिल्क का यह स्टोल बारीक रेशमी धागों से तैयार किया गया है। इसकी खासियत पारंपरिक बुनाई, आकर्षक डिजाइन और रेशमी चमक है। शाही नीला रंग गरिमा, ज्ञान और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। इसे गुजरात की पारंपरिक शिल्पकला से तैयार सुंदर सदेली बॉक्स में रखकर भेंट किया गया।
स्टोल तैयार कराने वाले हस्तकरघा व्यवसायी रमजान अली अंसारी के अनुसार, बनारसी कतान सिल्क अपनी बारीक बुनाई और गुणवत्ता के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। कतान में रेशम के धागों को विशेष तरीके से तैयार कर कपड़ा बुना जाता है। इसकी खूबसूरती धागों की गुणवत्ता, बुनाई की बारीकी और कारीगर के अनुभव पर निर्भर करती है। ऐसे वस्त्र तैयार करने में बुनकरों को काफी धैर्य और मेहनत लगती है।
जीआइ मैन ऑफ इंडिया पद्मश्री डॉ. रजनीकांत के अनुसार, बनारसी वस्त्र केवल पहनने का परिधान नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा का प्रतीक हैं। बनारसी साड़ी और कतान सिल्क की पहचान यहां के पारंपरिक डिजाइन, बुनाई की तकनीक और कारीगरों के कौशल से बनी है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह के उत्पादों को उपहार के रूप में प्रस्तुत करना स्थानीय शिल्प और कारीगरों को नई पहचान दिलाने का माध्यम है। हालांकि, जापान की प्रधानमंत्री को भेंट किए गए इस विशेष स्टोल को किस बुनकर ने तैयार किया और इसका चयन किस व्यापारी अथवा संस्था के माध्यम से हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
स्टोल की कीमत, इसे तैयार करने में लगा समय और इसके लिए किसी विशेष डिजाइन का ऑर्डर दिए जाने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। प्रधानमंत्री के इस उपहार से एक बार फिर बनारस के बुनकरों की उम्मीदें बढ़ी हैं। काशी के करघों पर तैयार होने वाले रेशमी धागों की पहुंच अब केवल देश के बाजारों तक सीमित नहीं, बल्कि दुनिया के शीर्ष नेताओं तक हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।