वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटा लाखों रुपये से भरा बैग, रेलकर्मी की ईमानदारी ने विदेशी पर्यटक का जीता दिल
वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर के एक पर्यटक का लाखों रुपये से भरा बैग छूट गया। रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी से बैग सुरक्षित वापस मिला, पर्यटक ने भारतीय रेलवे की सराहना की।

वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटा लाखों का बैग, रेलकर्मी की ईमानदारी ने जीता विदेशी पर्यटक का दिल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी भ्रमण पर आए सिंगापुर के एक विदेशी पर्यटक का लाखों रुपये की नकदी से भरा बैग वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में छूट गया। ट्रेन के यार्ड में पहुंचने के बाद सफाई के दौरान एक रेलवे कर्मचारी को यह बैग मिला। बैग में करीब 2.11 लाख रुपये के साथ हजारों डॉलर भी रखे थे।
कर्मचारी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को अपने पास रखने के बजाय रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया। बाद में पहचान और पूछताछ के बाद बैग समेत पूरी रकम पर्यटक को सुरक्षित लौटा दी गई। सिंगापुर निवासी पर्यटक भारत भ्रमण पर आए हुए हैं। इसी दौरान उन्होंने वाराणसी वंदे भारत ट्रेन से यात्रा की थी। यात्रा पूरी होने के बाद वह ट्रेन से उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में नकदी से भरा अपना बैग ट्रेन में ही भूल गए।
ट्रेन के यार्ड में पहुंचने के बाद नियमित सफाई का काम शुरू हुआ। इसी दौरान सफाई कर्मचारी की नजर सीट पर छूटे बैग पर पड़ी। बैग खोलकर देखने पर उसमें भारतीय मुद्रा के साथ विदेशी करेंसी भी मिली। कर्मचारी ने बिना देर किए इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी और बैग उनके सुपुर्द कर दिया।
उधर, बैग गुम होने की जानकारी मिलने पर विदेशी पर्यटक अपने गाइड के साथ उसकी तलाश में कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बैग और उसमें रखी नकदी के बारे में जानकारी दी। स्टेशन पर यात्री से आवश्यक पूछताछ और पहचान की पुष्टि के बाद अधिकारियों ने उन्हें उनका बैग सौंप दिया। बैग में रखी पूरी रकम सुरक्षित मिलने पर पर्यटक ने राहत की सांस ली।
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारी को बैग मिला था, जिसे नियमानुसार अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। यात्री की पुष्टि होने के बाद उनका सामान वापस कर दिया गया। विदेशी पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि भारत में उन्हें इस तरह का अनुभव मिला, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने भारतीय रेलवे और कर्मचारियों के व्यवहार को सराहनीय बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।