श्री काशी विश्वनाथ धाम में बंदरों की धमाचौकड़ी बढ़ी, मंदिर प्रशासन निपटने की बना रहा रणनीति
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बंदरों की बढ़ती सक्रियता से भक्तों को परेशानी हो रही है, जहां वे प्रसाद छीनने और काटने की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंदिर प्रशासन वन विभाग के साथ मिलकर इन बंदरों को सुरक्षित पकड़कर हटाने की योजना बना रहा है ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

काशी विश्वनाथ धाम में बंदरों का आतंक बढ़ा प्रशासन बना रहा रणनीति।
HighLights
काशी विश्वनाथ मंदिर में बंदरों की सक्रियता बढ़ी।
डेढ़ महीने में 45 बंदर काटने के मामले।
प्रशासन वन विभाग संग मिलकर हटाएगा बंदरों को।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में इन दिनों बंदरों की सक्रियता बढ़ गई है। प्रसाद देखते ही बंदर झपट्टा मारकर छीन लेते हैं, जिससे भक्त हताश होकर बाबा के दर्शन करने को मजबूर हैं। भक्तों के प्रसाद छीनने से लेकर हमला और घुड़की तो मानो आम हो चुका है।
बीते डेढ़ महीने में बंदर काटने के 45 मामले सामने आ चुके हैं। आए दिन श्रद्धालुओं के हाथ से प्रसाद छीनने और अचानक सामने आ जाने से एक-दो लोग चोटिल हो रहे हैं। तस्वीर में भी साफ दिख रहा है कि मंदिर परिसर में कई बंदर खुलेआम घूम रहे हैं।
हालांकि मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। भीड़ वाले स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और श्रद्धालुओं को खुले में प्रसाद व खाद्य सामग्री न ले जाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने वन विभाग के सहयोग से बंदरों को सुरक्षित रूप से पकड़कर बाहर भेजने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया है, ताकि बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस बाबत मंदिर मुख्यकार्यपालक सत्यम मिश्रा ने कहा कि इस संदर्भ में वन विभाग से बात हुई है, जल्द ही बंदरों को पकड़ कर हटाने का काम शुरू होगा।