बनारस बिनाले में झारखंड के कलाकारों ने छह लोकनृत्यों से सुनाई आदिवासी समाज की कहानियां
काशी के बनारस बिनाले में झारखंड के गुमला जिले के मुंडा आदिवासी कलाकारों ने अपनी लोक परंपराओं और जीवन दर्शन को छह पारंपरिक नृत्यों से जीवंत किया। इन प्रस्तुतियों ने विवाह, बालिका जीवन, युवा शक्ति और प्रकृति से जुड़ाव जैसे विषयों को मांदर, नगाड़ा और ढोल की थाप पर अभिव्यक्त किया।

बनारस बिनाले में झारखंड के आदिवासी कलाकारों ने लोकनृत्यों से सुनाई जीवन की कहानियां।
HighLights
झारखंड के मुंडा आदिवासी कलाकारों ने छह लोकनृत्य प्रस्तुत किए।
नृत्यों में विवाह, बालिका जीवन, प्रकृति से जुड़ाव दिखा।
जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर रहा आकर्षण।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक धरती पर झारखंड के आदिवासी समाज की लोक परंपराओं और जीवन दर्शन के रंग बिखरे। भारत कला भवन में आयोजित बनारस बिनाले के तहत एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच पर झारखंड के गुमला जिले के वनांचल गांव कुलबुरु के मुंडा आदिवासी समुदाय के कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। 'माटी की सुर, रंग और परंपराएं' शीर्षक से हुई इस प्रस्तुति में छह लोकनृत्यों के माध्यम से विवाह, बालिका जीवन, युवा शक्ति, सामुदायिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति आदिवासी समाज के जुड़ाव को अभिव्यक्ति मिली।
शोषण सुरिन फाउंडेशन और सीआइआइ फाउंडेशन की ओर से प्रस्तुत इस कार्यक्रम में मांदर, नगाड़ा और ढोल की थाप ने वनांचल की सांस्कृतिक लय को जीवंत किया। खास बात यह रही कि इन प्रस्तुतियों में नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सामाजिक स्मृतियों, मान्यताओं और जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति के रूप में सामने आया।
प्रस्तुति की शुरुआत मुंडा समाज की विवाह परंपरा पर आधारित नृत्य से हुई। इसमें विवाह को केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और पूरे समुदाय के मिलन के रूप में दर्शाया गया। दूसरे लोकगीत में बाल विवाह की पीड़ा को एक बालिका की दृष्टि से प्रस्तुत किया गया। इसमें बचपन के सपनों और पारिवारिक परंपराओं के बीच टकराव को मार्मिक ढंग से उभारा गया। तीसरी प्रस्तुति में बेटी को स्वतंत्र उड़ान भरने वाली चिड़िया के रूपक में चित्रित करते हुए उसके सपनों और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
नगाड़े की थाप पर आधारित चौथी प्रस्तुति में सामूहिक उत्सव का आह्वान था। पांचवें नृत्य में युवाओं की ऊर्जा, साहस और सामूहिक शक्ति को परिवर्तन का आधार बताया गया। वहीं छठी प्रस्तुति प्रकृति की सुंदरता को समर्पित रही। इसमें तारों भरे आकाश, धरती और हिमालय की शीतलता के बिंबों के माध्यम से प्रकृति के साथ मनुष्य के आत्मीय संबंध को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। झारखंड के आदिवासी समुदायों की पहचान माने जाने वाले इस वाद्ययंत्र को हाल ही में जीआइ टैग भी मिला है। आयोजन के माध्यम से बनारस बिनाले ने देश की विविध लोकसंस्कृतियों और जीवंत परंपराओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।