वाराणसी में होटल के कमरे का दरवाजा काटकर पकड़ा गया लखनऊ में चाय की दुकान पर फायरिंग करने का आरोपी
लखनऊ में चाय की दुकान पर फायरिंग के आरोपी शेखर कौशल को वाराणसी में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने होटल का गेट काटकर उसे पकड़ा, जिसका लाइव वीडियो भी प्रसारित हुआ।

लखनऊ में चाय की दुकान पर फायरिंग की घटना में शामिल था आरोपित।
HighLights
लखनऊ फायरिंग आरोपी शेखर कौशल वाराणसी में पकड़ा गया।
पुलिस ने होटल का लोहे का गेट काटकर प्रवेश किया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने घटना का लाइव वीडियो बनाया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लखनऊ के गोमती नगर में चाय की दुकान पर फायरिंग करने की घटना में आरोपित शेखर कौशल को गिरफ्तार करने लखनऊ पुलिस शनिवार को बड़ालालपुर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित ने होटल का लोहे का गेट खोलने से इन्कार कर दिया तो पुलिस ने कटिंग मशीन से गेट काटकर अंदर प्रवेश किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान आरोपित ने पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो भी बनाया जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि शेखर कौशल बड़ालालपुर स्थित होटल प्रवेश में छिपा है। पुलिस पहुंची तो उसने गेट खोलने से मना कर दिया। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो पुलिस ने कटिंग मशीन मंगवाकर लोहे का गेट काटा।
गिरफ्तारी के समय होटल के कमरे में एक महिला भी मौजूद थी। गेट काटने की कार्रवाई के दौरान युवक के हाथ में चोट लगने से खून बहने लगा। उसे स्थानीय मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि युवक ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव आकर पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के घटनाक्रम को साझा किया। डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि लखनऊ के मामले में वांछित को पकड़ने पुलिस आई थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया।