वाराणसी में दर्शकों के लिए खुलने जा रहा है काशी की पहचान से समृद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
वाराणसी के गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 98% पूरा हो चुका है, जिसकी लागत लगभग 450 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 98% तैयार काशी की पहचान से समृद्ध।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने वाला है। राजातालाब क्षेत्र के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से 30 एकड़ में बन रहे इस स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है।
जरूरत पड़ने पर दर्शक क्षमता 40 हजार तक बढ़ाई जा सकती है। स्टेडियम की वास्तुकला में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। पवेलियन और प्रसारण केंद्र को डमरू का आकार दिया गया है, जबकि फ्लडलाइट के पोल त्रिशूल की आकृति में बनाए गए हैं। छत चंद्राकार है और दर्शक दीर्घा को गंगा घाट की सीढ़ियों जैसा बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को स्टेडियम की आधारशिला रखी थी। मैदान, दर्शक दीर्घा, पिच और फ्लडलाइट का काम पूरा हो चुका है। प्रसारण केंद्र के सामने के हिस्से में पैनलिंग का काम चल रहा है। यहां दिन और रात दोनों समय क्रिकेट मुकाबले कराए जा सकेंगे। खासियत यह है कि बारिश के दौरान कुछ ही देर में ड्रेनेज सिस्टम से पूरे ग्राउंड का पानी निकाल दिया जाएगा।
नौ पिचों पर तैयार हुआ मुख्य मैदान
स्टेडियम के मुख्य मैदान में नौ पिचें बनाई गई हैं। इनमें चार लाल मिट्टी, तीन काली मिट्टी और दो मिश्रित मिट्टी की हैं। लाल मिट्टी महाराष्ट्र और काली मिट्टी ओडिशा से मंगाई गई है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग अभ्यास मैदान और नेट पिचें भी बनाई गई हैं। मैदान में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था है, जिससे बारिश के बाद पानी निकालने में कम समय लगेगा।
डमरू आकार का प्रसारण केंद्र
स्टेडियम के उत्तरी पवेलियन में डमरू की आकृति वाला मीडिया और प्रसारण केंद्र बनाया गया है। इसके सामने के हिस्से में पैनलिंग का काम चल रहा है। यहां करीब 2000 वर्गफीट का ब्रॉडकास्ट रूम है। सैटेलाइट अपलिंक के लिए 20×20 फीट और 12×12 फीट के कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा कैंटीन और शौचालय भी हैं।
खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और चिकित्सा कक्ष
स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए अलग ड्रेसिंग रूम और चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। चिकित्सा और प्राथमिक उपचार के लिए कक्ष है। मैच अधिकारियों के लिए अलग स्थान और मैदान प्रबंधन से जुड़े कक्ष भी हैं। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग मैदान और नेट पिचें हैं।
त्रिशूल आकार की फ्लडलाइट से होंगे डे-नाइट मैच
स्टेडियम में चार फ्लडलाइट टावर भगवान शिव के त्रिशूल के आकार में बनाए गए हैं। इनकी ऊंचाई 65 मीटर है। फ्लडलाइट से रात में भी मैदान पर पर्याप्त रोशनी रहेगी। इससे यहां दिन और रात दोनों समय मुकाबले कराए जा सकेंगे।
30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
स्टेडियम में फिलहाल 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। जरूरत के अनुसार इसे 40 हजार तक बढ़ाया जा सकता है। दर्शक दीर्घा को गंगा घाट की सीढ़ियों जैसा स्वरूप दिया गया है। छत चंद्राकार है और बाहरी हिस्से में बेलपत्र की आकृति वाली धातु की सज्जा की गई है।