विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजय राय ने समारोह में अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा – 'मुलायम स‍िंंह यादव का संघर्षपूर्ण जीवन और विचार सदैव समाज को प्रेरित करते रहेंगे'

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 22 Nov 2026 06:18 PM (IST)

वाराणसी के लोहता में मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अजय राय ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने मुलायम सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रेरणास्रोत बताया।

अजय राय ने मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि, बताया सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत।

अजय राय ने मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि, बताया सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत।

HighLights

  1. अजय राय ने मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

  2. मुलायम सिंह का जीवन सामाजिक न्याय और जनसेवा की प्रेरणा।

  3. उन्होंने कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष किया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती के अवसर पर लोहता में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा किनेताजी मुलायम सिंह यादव का संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा का संकल्प सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। नेताजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों एवं वंचितों के अधिकारों की बुलंद आवाज थे।

कहा क‍ि नेताजी का संपूर्ण जीवन आदर्श, सदाचार, सामाजिक सद्भाव और समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाजवाद की विचारधारा को मजबूती प्रदान करते हुए हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। गांव की पगडंडियों से निकलकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचने का उनका सफर उनके अदम्य साहस, अथक संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल है।

संबोधन में कहा क‍ि नेताजी ने अपने राजनीतिक जीवन से यह साबित किया कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और न्याय दिलाना होना चाहिए। मुलायम सिंह यादव  ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बताया क‍ि उनके विचार, संघर्ष और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए एक ऐसी प्रेरणा है, जो जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देता है। वह आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और समाजवादी मूल्यों की विरासत सदैव जीवित रहेगी। भारतीय राजनीति और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ पहलवान द्वारा किया गया। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय संग जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, ओमप्रकाश ओझा, सुनील राय, धनश्याम सिंह और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।